ईरान-इजरायल युद्ध के बीच देशभर में एलपीजी संकट की चर्चा है, लेकिन मध्य प्रदेश के रीवा से एक हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां दिनदहाड़े एक सूने घर का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर चोरी कर लिया गया और पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामला चोरहटा थाना क्षेत्र के करहिया क्रमांक 1 का है। यहां किराए के मकान में रहने वाले कमलेश साहू के सूने घर को एक नकाबपोश चोर ने निशाना बनाया।
2 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे आरोपी घर पहुंचा। पहले दरवाजे का ताला तोड़ा फिर अंदर दाखिल हो गया। कुछ ही मिनटों में आरोपी घर के अंदर से एक भरा हुआ एलपीजी गैस सिलेंडर लेकर बाहर निकला और बड़ी आसानी से उसे कंधे पर रखकर मौके से फरार हो गया।
बाकी सामान को हाथ तक नहीं लगाया
हैरानी की बात ये है कि चोर ने घर के बाकी सामान को हाथ तक नहीं लगाया, सिर्फ गैस सिलेंडर ही चोरी किया। ये पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह एक नकाबपोश युवक घर में घुसता है और सिलेंडर लेकर निकल जाता है।
पीड़ित का बयान
जब फरियादी कमलेश साहू घर पहुंचे तो दरवाजे का टूटा ताला देख उनके होश उड़ गए। जांच करने पर पता चला कि घर से सिर्फ भरा हुआ गैस सिलेंडर गायब है। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। घर से सिर्फ एक भरा हुआ सिलेंडर चोरी हुआ है। बाकी सारा सामान और एक खाली सिलेंडर वहीं रखा हुआ था। घटना सीसीटीवी में कैद है। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को तलाश रही पुलिस
चोरहटा थाने के सब इंस्पेक्टर परमात्मा शरण त्रिपाठी ने बताया कि फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है, लेकिन दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
(रीवा से अशोक मिश्रा की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
दिल्ली में फिर होने वाली है बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट, जम्मू-हिमाचल में लगातार हो रही बर्फबारी
चोरी करते पकड़े गए 3 युवकों को भीड़ ने दी तालिबानी सजा, खंबे से बांधकर क्रूरता से पीटा