भोपाल: बीते दिनों भोपाल के कटारा हिल्स में ट्विशा शर्मा की मौत के बाद मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है। हालांकि यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकता है कि यह मामला हत्या का है या सुसाइड का है। फिलहाल ट्विशा शर्मा की दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की गई थी, जिसपर हाईकोर्ट ने अनुमति भी दे दी। अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद भोपाल में ट्विशा शर्मा का दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया।
चार डॉक्टरों की टीम कर रही पोस्टमार्टम
ट्विशा के पोस्टमार्टम के लिए एम्स दिल्ली के 4 वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंची। डॉक्टरों की टीम ने सुबह 11 बजे ट्विशा शर्मा का पोस्टमार्टम शुरू किया और लगभग चार घंटे में पोस्टमार्टम पूरा हुआ। दिल्ली से डॉक्टरों की टीम शनिवार रात को भोपाल पहुंची। इसके बाद रविवार सुबह ट्विशा शर्मा का दूसरा पोस्टमार्टम किया गया। बता दें कि शुक्रवार को हाई कोर्ट ने सेकेंड पोस्टमार्टम का आदेश दिया था।
पोस्टमार्टम के बाद होगा अंतिम संस्कार
वहीं इंडिया टीवी से बातचीत में ट्विशा के भाई हर्षित ने बताया था कि पोस्टमार्टम के बाद भोपाल में ही ट्विशा का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। ट्विशा के वकील अंकुर पांडेय ने बताया कि किन-किन मुद्दों पर पोस्टमार्टम होगा। इसके अलावा ट्विशा के पिता ने एमपी के सीएम मोहन यादव को धन्यवाद दिया।
सुसाइड या हत्या में फंसा केस
बता दें कि 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स में अपने ससुराल में ट्विशा संदिग्ध हालात में मृत अवस्था में मिली थी। ये सुसाइड है या मर्डर, ये कहानी इसी पेंच में फंसी हुई है। सुसाइड की थ्योरी पर न घरवालों को यकीन है और न दोस्तों को। ट्विशा के घरवालों का इल्जाम है कि ट्विशा को उसके पति समर्थ सिंह और उसकी सास गिरीबाला ने ही मारा है।
फिलहाल इस मामले में ट्विशा का पति समर्थ सिंह पुलिस रिमांड में है। इस दौरान पुलिस ये जानने की कोशिश करेगी कि फरारी के 11 दिनों में समर्थ की मदद किस-किसने की और वो कौन रसूखदार लोग थे, जिनके फोन कॉल समर्थ को बचाने के लिए आते रहे।
यह भी पढ़ें-