मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में बारिश अब जनजीवन के लिए मुश्किल बन गई है। जिले में पिछले 2 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। जिले के आष्टा और इछावर में बारिश के कारण हालात बेकाबू हो गए हैं। लगातार हो रही बारिश के चलते सड़कों से लेकर लोगों के घरों और दुकानों तक में पानी भर गया है। इस अचानक आई जल-आफत के कारण जहां आम नागरिक सुरक्षित स्थानों की तलाश में हैं, तो वहीं व्यापारिक वर्ग को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। दुकानों में पानी भर जाने से व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
निचली बस्तियों में घुसा पानी, टापू बने कई इलाके.
लगातार हो रही भारी बारिश के चलते आष्टा और इछावर की तमाम निचली बस्तियों में अभी से बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए हैं। नालों और ड्रेनेज सिस्टम के चोक होने से बारिश का पानी सड़कों पर उफान मारने लगा और देखते ही देखते कई रिहायशी इलाकों में 3 से 4 फीट तक पानी जमा हो गया, जिससे लोगों में नाराजगी का माहौल है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और जल निकासी के प्रयासों में जुटी हैं।
आष्टा के व्यापारियों में भारी आक्रोश, हुआ भारी नुकसान
जलभराव की सबसे गंभीर स्थिति आष्टा के मुख्य बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में देखने को मिली। दुकानों के भीतर पानी भर जाने से कपड़ा, किराना, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह से भीगकर बर्बाद हो गए हैं। व्यापारियों ने इस स्थिति पर गहरा गुस्सा और नाराजगी व्यक्त की है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है। 'नगर पालिका की लापरवाही और मानसून पूर्व नालों की सही सफाई न होने के कारण आज हमें लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। हर साल टैक्स देने के बाद भी प्रशासन की नाकामी का खामियाजा हमें भुगतना पड़ता है।'
प्रशासन अलर्ट पर, निकासी के प्रयास तेज
भारी बारिश और जलभराव की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें हरकत में आ गई। प्रभावित इलाकों में जेसीबी मशीनों की मदद से बंद पड़े नालों को साफ कराया जा रहा है ताकि पानी जल्द से जल्द निकल सके और लोग राहत की सांस ले सकें। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों और उफनते नदी-नालों के पास जाने से बचें और किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत कंट्रोल रूम को सूचित करें।
(रिपोर्ट- राहुल मालवीय)
ये भी पढ़ेंः सोनम रघुवंशी की जमानत से राजा के परिवार वाले खुश नहीं, रद्द कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट से लगाएंगे गुहार
जीजा के प्यार में मदहोश हुई साली, अपनी ही बहन की हत्या की साजिश रच डाली, तभी आ गया ये ट्विस्ट