1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. जहरीली शराब ने फिर ली 11 लोगों की जान, सागर में 7 मदिरा दुकानें सील; जांच में जुटी पुलिस

जहरीली शराब ने फिर ली 11 लोगों की जान, सागर में 7 मदिरा दुकानें सील; जांच में जुटी पुलिस

 Reported By: Anurag Amitabh Written By: Amar Deep
 Published : Sep 06, 2026 09:55 am IST,  Updated : Sep 06, 2026 02:27 pm IST

एमपी के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

जहरीली शराब पीने से 9 लोगों की मौत।- India TV Hindi
जहरीली शराब पीने से 9 लोगों की मौत। Image Source : REPORTER INPUT

सागर: इस वक्त की बड़ी खबर मध्य प्रदेश के सागर जिले से सामने आ रही है। यहां सागर जिला के बंडा ब्लॉक के ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत हो गई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि ये मामला शनिवार-रविवार के दरमियान का है। 11 लोगों की मौत की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में भी हड़कंप मच गई। फिलहाल सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्था देखी।

मदिरा की 7 दुकानें सील

घटना के बाद अधिकारियों ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रथम दृष्टया एहतियातन के तौर पर क्षेत्र की 7 मदिरा दुकानों को सील किया गया है और तत्काल सैंपलिंग के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द या बुखार के लक्षण महसूस हो रहे हैं, वे एहतियात के तौर पर तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपनी जांच कराएं। जिलाधिकारी प्रतिभा पाल ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

स्थानीय लोगों से जांच कराने की अपील

घटना को लेकर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि जहरीली शराब के सेवन से लोग बीमार पड़े हैं। इनमें से कुछ लोगों की मौत भी हुई है। वहीं कुछ अन्य लोगों की सिविल अस्पताल में जांच भी चल रही है। साथ ही जो आस-पास के दो गांव हैं, वहां पर डॉक्टर्स की टीम स्क्रीनिंग कर रही है। कोई भी ऐसा व्यक्ति जिसको लगता है कि उनको किसी प्रकार के लक्षण हैं या उन्होंने किसी भी प्रकार के शराब का सेवन पिछले 24-48 घंटों में किया है तो वो अपने डॉक्टर के पास जांच जरूर करा लें। अगर वहां के बजाय सिविल अस्पताल आना चाहते हैं तो भी अपनी जांच जरूर करा लें। हम ऐसे केस को ऑब्जर्व कर रहे हैं। मामले में अग्रिम कार्रवाई भी की जा रही है। 

सीएम मोहन यादव ने जांच के दिए निर्देश

सागर में 11 लोगों की मौत के मामले का सीएम मोहन यादव ने भी संज्ञान लिया है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि सागर की घटना के दोषियों पर कठोर कार्रवाई करेंगे। ऐसी घटनाएं बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। 

यह भी पढ़ें-

आरा रेलवे स्टेशन के पास महानंदा एक्सप्रेस हुई डिरेल, जनरल कोच के दो डिब्बे पटरी से उतरे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।