मध्य प्रदेश के शहडोल में एक नाबालिग लड़के ने सिर्फ इसलिए अपनी मां की हत्या कर दी, क्योंकि वह उसे पढ़ने के लिए बोलती थी। हालांकि, कहा जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। दिल दहला देने वाला मामला शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र से सामने आया है।
इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बताया जा रहा है कि मृतक मां अपने बेटे को पढ़ाई करने के लिए कहती थी,जिससे परेशान होकर उसने मां की हत्या कर दी।
लाठी से पीटकर की हत्या
बरकछ गांव में रहने वाली 40 वर्षीय सविता कोल की हत्या उसके ही नाबालिग बेटे ने की। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर मां-बेटे के बीच विवाद हुआ। मां अपने बेटे को पढ़ाई करने के लिए कहती थी, जिससे गुस्से में आकर बेटे ने अपनी मां पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बेरहम बेटा तब तक वार करता रहा जब तक मां की सांसें थम नहीं गईं। स्थानीय लोगों ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी, तो ब्यौहारी थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा किया।
हत्या की असली वजह नहीं बता रहा आरोपी
पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। शहडोल एसपी रामजी श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि एक नाबालिग पुत्र ने अपने ही मां की हत्या कर दी। बालक ने पूछताछ में बताया कि उसकी मां उसे पढ़ने के लिए अक्सर बोलती थी, जिसकी वजह से उसने इस तरह की घटना को अंजाम दिया। बालक हत्या का स्पष्ट कारण नहीं बता रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
(शहडोल से विशाल खंडेलवाल की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-