1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों पर लगा विराम, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने किया बड़ा ऐलान

मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों पर लगा विराम, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने किया बड़ा ऐलान

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 01, 2020 01:53 pm IST,  Updated : Jul 01, 2020 02:26 pm IST

मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पिछले कुछ दिनों से जारी अटकलों का दौर आखिरकार खत्म हो गया है।

shivraj Singh Chouhan- India TV Hindi
shivraj Singh Chouhan Image Source : FILE

मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पिछले कुछ दिनों से जारी अटकलों का दौर आखिरकार खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भोपाल में घोषणा की है कि आज राज्य में  नए राज्यपाल का शपथ ग्रहण होगा। वहीं गुरुवार को मंत्रिमंडल शपथ ले लेगा। बता दें कि उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को मध्य प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली प्रदेश भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार होना बाकी है।

बता दें कि शिवराज सिंह चौहान इस मंगलवार को दो दिन दिल्ली में रह कर भोपाल लौटे हैं। वहां पर मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे नेताओं से मुलाक़ात की है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले ज़्यादातर पूर्व विधायक शिवराज सिंह चौहान के सत्ता में आने के 100 दिन बाद भी मंत्री नहीं बन पाए हैं। ऐसे में कल होने वाला ​मंत्रिमंडल विस्तार बेहद अहम माना जा रहा है।  

मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन का अपने गृह राज्य उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है और टंडन की अनुपस्थिति के दौरान आनंदीबेन को मध्यप्रदेश के राज्यपाल के कार्यों का निर्वहन करने के लिए नियुक्त किया गया है। आनंदीबेन पहले भी मध्य प्रदेश की राज्यपाल रह चुकी हैं। वह उत्तर प्रदेश की राज्यपाल बनने से पहले 23 जनवरी 2018 से 28 जुलाई 2019 तक मध्य प्रदेश की राज्यपाल रहीं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।