1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. सागर में एक ही परिवार की 3 महिलाएं और एक बच्ची का शव कुएं में मिला, फंदे पर लटकीं मिली देवरानी-जेठानी

सागर में एक ही परिवार की 3 महिलाएं और एक बच्ची का शव कुएं में मिला, फंदे पर लटकीं मिली देवरानी-जेठानी

 Written By: Pankaj Yadav
 Published : Sep 14, 2024 04:13 pm IST,  Updated : Sep 14, 2024 04:14 pm IST

सागर में एक कुएं में तीन महिलाएं और एक बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। इनमें दो महिलाएं आपस में देवरानी-जेठानी हैं, जिनकी लाश फंदे पर लटकी मिली। जबकि नानी-नातिन का शव पानी में तैरता हुआ मिला।

मृतकों का परिजन सुरेंद्र लोधी - India TV Hindi
मृतकों का परिजन सुरेंद्र लोधी

मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी कोपरा गांव में शनिवार सुबह कुएं में तीन महिलाओं और एक बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी मच गई। मिले शवों में दो महिलाएं फंदे पर लटकी मिलीं, जबकि एक अन्य महिला और एक बच्ची का शव पानी में तैरता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कुएं से बाहर निकलवाने एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल इस हृदय विदरक घटना की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। हालांकि परिजनों का आरोप है कि छोटे भाई के ससुराल वाले परिवार को प्रताड़ित करते रहते थे, जिस वजह से यह घटना घटित हुई।

कुएं में मिले एक ही परिवार के चार शव

देवरी एसडीओपी शशिकांत सरयाम ने बताया कि महिलाओं की पहचान आरती लोधी (35), भारती लोधी (29), भागवती बाई (65) के रूप में हुई है। बच्ची का नाम रोमिका लोधी (6) है, जो भारती लोधी की बेटी थी। भारती और आरती रिश्ते में देवरानी-जेठानी थीं। नानी भागवती बाई और नातिन रोमिका लोधी का शव पानी में तैरते हुए मिला। भागवती बाई भारती लोधी की मां थीं।

हत्या या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

परिवार के सदस्य सुरेंद्र लोधी ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे गांव के ही रहने वाले किशोर लोधी ने इस घटना की सूचना दी। जिसके बाद सुरेंद्र लोधी ने मामले की खबर गांव के सरपंच और पुलिस को दी। सुरेंद्र लोधी भी गांव वालों के साथ मौके पर पहुंचे। सुरेंद्र ने बताया कि, "एक साल पहले छोटे भाई सोनू लोधी की पत्नी ने जहर खाकर सुसाइड किया था। मामले में पुलिस ने परिवार के सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसी मामले में भारती और आरती के पति जेल में हैं। छोटे भाई सोनू लोधी की पत्नी के मायके वाले लगातार परेशान कर रहे थे। आए दिन घर आकर धमकी देते थे, मारपीट और गाली-गलौज करते थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे भी घर आकर विवाद किया था।

(सागर से टेकराम ठाकुर की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

नाराज गर्लफ्रेंड ने नंबर किया ब्लॉक, इंतकाम की आग में जल रहे प्रेमी ने फूंक डाली 7 गाड़ियां, VIDEO देखें

महिला ने खुद उजाड़ा अपना परिवार, बेटे का घोंटा गला, बेटी को दिया जहर, खुद लगा ली फांसी

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।