Monday, February 23, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. VIDEO: अस्पताल में एडमिट थी पत्नी, बंदूक लेकर आया पति डॉक्टर से करने लगा गाली-गलौज, जान से मारने की दी धमकी

VIDEO: अस्पताल में एडमिट थी पत्नी, बंदूक लेकर आया पति डॉक्टर से करने लगा गाली-गलौज, जान से मारने की दी धमकी

Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1 Published : Jun 30, 2024 01:42 pm IST, Updated : Jun 30, 2024 02:22 pm IST

मरीज का पति घर से बंदूक लेकर आया और अस्पताल में हंगामा मचा दिया। बंदूक लाने और ले जाने का घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया।

बंदूक के साथ सीसीटीवी में कैद आरोपी- India TV Hindi
बंदूक के साथ सीसीटीवी में कैद आरोपी

मुरैना: पत्नी का बेहतर इलाज कराने के लिए पति ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, मरीज का परिजन घर जाकर बंदूक ले आया और अस्पताल में हंगामा खड़ा कर दिया। बंदूक लाने और ले जाने का घटनाक्रम अस्पताल के सुलभ कॉम्प्लेक्स पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। मरीज परिजन के बंदूक लाते और ले जाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद अंबाह अस्पताल के सभी डॉक्टर एकत्रित होकर पुलिस के पास पहुंचे। 

पुलिस ने चिकित्सक प्रदीप कपासिया की शिकायत पर आरोपी संतोष तोमर के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। इस बीच, संतोष तोमर अपनी पत्नी खुशबू तोमर को अन्य जगह पर इलाज कराने के लिए जबरदस्ती रेफर कराकर ले गया। मुरैना जिले के अंबाह तहसील मुख्यालय पर संचालित शासकीय सिविल अस्पताल में रविवार सुबह संतोष तोमर अपनी पत्नी खुशबू तोमर के पेट दर्द का इलाज कराने के लिए लाया था।

डॉक्टर की ड्यूटी हुई समाप्त

आकस्मिक ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक दीपक सिलावट ने मरीज का इलाज प्रारंभ कर दिया। लगभग 15 मिनट बाद डॉक्टर दीपक सिलावट की ड्यूटी समाप्त हो गई। उनके स्थान पर डॉक्टर प्रदीप कपासिया ड्यूटी के लिए आए। इसी समय मरीज खुशबू तोमर के पति संतोष तोमर ने डॉक्टर  प्रदीप कपासिया से गाली-गलौज कर अभद्रता कर दी। जब संतोष को रोकने की कोशिश की, तो वह कुछ देर में घर से बंदूक भी ले आया। मरीज परिजन ने बंदूक के साथ अस्पताल में हंगामा खड़ा कर दिया, जिससे लोग दहशत में आ गए कि कहीं संतोष तोमर गोली ना चला दे।

जाते-जाते डॉक्टर को दी धमकी 

इसी दौरान संतोष तोमर अपनी पत्नी को अन्य स्थान पर इलाज करने के लिए जबरदस्ती रेफर कराकर ले गया। वह जाते-जाते डॉक्टर को धमकी भी दे गया। अस्पताल से निकलने के दौरान संतोष तोमर ने एक लग्जरी वाहन में अपनी बंदूक को रख दिया। यह दृश्य सीसीटीवी में कैद हो गया। अंबाह सिविल अस्पताल में सुबह हुई इस घटना के बाद सभी डॉक्टर एकत्रित होकर पुलिस थाना पहुंचे। वहां डॉक्टर प्रदीप कपासिया की शिकायत पर संतोष तोमर के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

डॉक्टर प्रदीप कपासिया ने क्या कहा?

अंबाह के शासकीय सिविल अस्पताल में पदस्थ मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर प्रदीप कपासिया ने बताया, "रविवार सुबह पेट दर्द की मरीज खुशबू तोमर का इलाज ड्यूटी पर रहे डॉक्टर दीपक सिलावट ने शुरू किया। मेरी ड्यूटी शुरू होते ही मरीज के परिजन ने इलाज करने के लिए कहा। मैंने समझाने की कोशिश की कि अभी दवा शुरू हुई है, थोड़ी देर में आराम मिलेगा। इस पर वह गाली-गलौज करने लगा। अभद्रता के लिए रोकने पर वह बंदूक लेकर आ गया। डॉक्टर सहित सभी लोग छिप गए। इस मामले में पुलिस को शिकायत की गई। पुलिस ने मामला दर्ज किया है।"

"युवक का विवाद डॉक्टर से हो गया"

मामले अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद ठाकुर ने बताया कि सुबह पत्नी का इलाज कराने आए युवक का विवाद डॉक्टर से हो गया। इस पर मरीज परिजन घर से बंदूक ले आया। डॉक्टर की शिकायत पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा सहित गाली-गलौज,  जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसको बंदूक सहित पकड़ लिया जाएगा।" (रिपोर्ट- उपेंद्र गौतम)

ये भी पढ़ें- 

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement