1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. कंटेनर से कार पर गिरी 40 टन लोहे की प्लेट, ओवरटेक करते समय हुआ भयानक हादसा, देखें वीडियो

कंटेनर से कार पर गिरी 40 टन लोहे की प्लेट, ओवरटेक करते समय हुआ भयानक हादसा, देखें वीडियो

 Reported By: Saket Rai, Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Feb 27, 2026 11:41 pm IST,  Updated : Feb 27, 2026 11:41 pm IST

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के वडाला इलाके में ईस्टर्न फ्रीवे के नीचे 40 टन लोहे की प्लेट कंटेनर से खिसककर कार पर गिर गई। हादसे में 35 साल के मोहम्मद जमीर सिद्दीकी की मौके पर मौत हो गई।

Mumbai Wadala accident, 40 ton iron plate falls on car, Eastern Freeway accident Mumbai- India TV Hindi
लोहे की प्लेट के नीचे कार बुरी तरह दब गई थी। Image Source : REPORTER INPUT

मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के वडाला इलाके में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ जिसमें एक शख्स की जान चली गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वडाला में एक कंटेनर से करीब 40 टन वजनी लोहे की प्लेट गिरने से एक कार पूरी तरह दब गई और उसमें सवार ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा ईस्टर्न फ्रीवे के नीचे शिवड़ी-चेंबूर रोड पर वडाला पूर्व के खारगंगा जल में रात करीब 12:55 बजे हुआ। बता दें कि लोहे की प्लेट इतनी भारी थी कि इसे हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने इस मामले में कंटेनर के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है।

कंटेनर से लोहे की प्लेट खिसककर कार पर गिरी

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कंटेनर लोहे की भारी प्लेटें लेकर जा रहा था। उसी समय एक अर्टिगा कार कंटेनर को ओवरटेक कर रही थी। अचानक कंटेनर से लोहे की प्लेट खिसककर नीचे आई और सीधे कार पर जा गिरी। इतने भारी वजन से कार बुरी तरह कुचल गई और चालक उसमें फंस गया। हादसे में कार चालक को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 साल के मोहम्मद जमीर हसनुद्दीन सिद्दीकी के रूप में हुई है। वह बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित मोहम्मद एस्टेट का रहने वाला था।

पुलिस ने कंटेनर ड्राइवर को हिरासत में लिया

हादसे के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड, क्रेन और पोकलेन मशीन की मदद से भारी प्लेट को हटाया गया। इसके बाद शव को बाहर निकाला गया और आगे की जांच के लिए KEM अस्पताल भेज दिया गया, जहां उसका पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। हादसे में शव बुरी तरह कुचल गया था। पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए कंटेनर चालक को हिरासत में ले लिया है। चालक से पूछताछ की जा रही है कि आखिर इतनी भारी प्लेट गिरी कैसे और किस स्तर पर लापरवाही हुई जो इतनी बड़ी दुर्घटना हो गई। पुलिस ने हादसे का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।