राजस्थान के कोटा में रविवार को सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा कोटा जिले के चेचट थाना क्षेत्र में हुआ। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार को सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह चारों युवक एक कार में सवार थे, जिसकी ट्रक से भिड़ंत हो गई थी। सूचना मिलने पर चेचट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके अलावा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के कंट्रोल सेंटर से भी टीम मौके पर पहुंच गई थी। हाईवे पेट्रोलिंग वाहन भी मौके पर आ गई। आनन-फानन में इन युवकों को रामगंज मंडी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चारों को मृत घोषित कर दिया गया।
पूरे मामले पर चेचट थाना अधिकारी सुरेंद्र सिंह गोदारा का कहना है कि घटनाक्रम चेचक इंटरचेंज के नजदीक हुआ है। यह कार मध्य प्रदेश की तरफ से आई थी और दिल्ली की तरफ जा रही थी। ट्रक से ओवरटेक कर आगे जाने का प्रयास कार चालक ने किया था। इस दौरान कार पीछे से ट्रक में घुस गई। घटना के क्या कारण रहे हैं। यह सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों से जांच की जाएगी। फिलहाल, चारों युवकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उनके परिजनों के संबंध में पता लगाया जा रहा है। केवल इतनी जानकारी लगी है कि यह मध्य प्रदेश से यूपी की तरफ जा रहे थे। चारों युवक लखनऊ और कानपुर के हैं।
हादसे का शिकार हुए युवक उज्जैन के महाकाल मंदिर में दर्शन करके अपनी ब्रेजा कार से लौट रहे थे। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार सवार चारों युवक बुरी तरह फंस गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतकों के नाम श्रेष्ठ वाजपेयी (21), प्रियंजुल चतुर्वेदी (26), अंकुश दुबे (25), और आशुतोष प्रताप सिंह (20) बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव रामगंजमंडी की मोर्चरी में रखवा दिए हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम होगा। हादसे की वजह तेज रफ्तार या चालक के सो जाने की आशंका जताई जा रही है।
(कोटा से दिनेश कश्यप की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
दौसा कोर्ट ने गैंगरेप के दोषियों को सुनाई फांसी की सजा, लिफ्ट देने के बहाने रेप के बाद किया था मर्डर
संपादक की पसंद