1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 5 साल बाद यूं सुलझी अशपाक के कत्ल की मिस्ट्री, दोस्तों ने होटल में बुलाकर मारा और खाई में बाइक के साथ फेंक दी थी लाश

5 साल बाद यूं सुलझी अशपाक के कत्ल की मिस्ट्री, दोस्तों ने होटल में बुलाकर मारा और खाई में बाइक के साथ फेंक दी थी लाश

 Reported By: Rajesh Kumar Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jun 11, 2026 07:52 pm IST,  Updated : Jun 11, 2026 07:52 pm IST

Ashpak Murder Mystery: सिंधुदुर्ग में अशपाक मुलाणी हत्याकांड मामले की अनसुलझी कहानी को मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सुलझा लिया है। इसमें मर्डर केस को हादसे के तौर पर दिखाने की कोशिश हुई थी। जानें ये पूरा मामला क्या है।

Mumbai police crime branch- India TV Hindi
डेढ़ लाख रुपये के विवाद में दोस्त के कत्ल की मिस्ट्री सुलझी। Image Source : REPORTERS INPUT

Ashpak Mulani Murder Case: मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-7 ने 5 साल पुराने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि डेढ़ लाख रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में दोस्तों ने ही अपने साथी की हत्या कर दी और फिर सबूत मिटाने के लिए शव के साथ उसकी मोटरसाइकिल को महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के फोंडा घाट की गहरी खाई में फेंककर पूरे मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की थी।

लंबे समय से अनसुलझे मामले की परतें खुलीं

क्राइम ब्रांच के डीसीपी नवनाथ ढवले के मुताबिक, लंबे समय से अनसुलझे इस मामले की परतें अब खुल गई हैं। जांच में पता चला कि मृतक और आरोपियों के बीच करीब डेढ़ लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसने आखिरकार हत्या का रूप ले लिया।

फोंडा घाट की खाई में फेंक दिया था शव

पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के कणकवली पुलिस स्टेशन में 5 साल पहले दर्ज एक्सीडेंटल डेथ मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को गोपनीय सूचना मिली कि कुछ लोगों ने अपने मित्र अशपाक मुलाणी उर्फ निहाल जो कि सोलापुर के मालशिरस का रहने वाला था, की हत्या कर उसके शव और मोटरसाइकिल को सिंधुदुर्ग के फोंडा घाट की खाई में फेंक दिया था।

डेढ़ लाख रुपये को लेकर था विवाद

सूचना के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की गई। जांच में खुलासा हुआ कि डेढ़ लाख रुपये के लेन-देन को लेकर अशपाक मुलाणी और आरोपियों के बीच विवाद था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने साजिश रचकर अशपाक मुलाणी को सिंधुदुर्ग जिले के कुडाल स्थित एक होटल में बुलाया।

हत्या को हादसा दिखाने की रची साजिश

पुलिस के मुताबिक, देर रात सभी आरोपियों ने मिलकर अशपाक मुलाणी की हत्या कर दी। इसके बाद हत्या के सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव और उसकी मोटरसाइकिल को फोंडा घाट की गहरी खाई में फेंक दिया, ताकि मामला सड़क हादसा प्रतीत हो और किसी को हत्या का संदेह न हो।

मामले में 6 आरोपियों के नाम आए सामने

पूछताछ में जिन आरोपियों के नाम सामने आए हैं उनमें मनोज नारायण भंडगे, सुखद सोनावडेकर, अतिश भगवान मोरे और ऋतुराज शेट्टी शामिल हैं। मामले में दो अन्य सहयोगियों अमित राउत और मनोज भंडारी के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।

आरोपियों ने कबूली हत्या और सबूत मिटाने की बात

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या और सबूत मिटाने की साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सिंधुदुर्ग जिले के कणकवली पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें- VIDEO: बधाई के पैसों पर बवाल, किन्नर समाज के दो गुटों में 'महाभारत'! एक-दूसरे को लाठी-डंडे से जमकर पीटा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।