नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर में कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इन कुत्तों की वजह से लोगों की जानें भी जा रही हैं। ऐसे की एक मामला अब नागपुर के कलमना इलाके से सामने आया है, जहां कुत्ते की वजह से एक मासूम को अपनी जान गंवानी पड़ी। यहां दोस्तों के साथ एक बच्चा बिल्डिंग के नीचे खेल रहा था। खेलने के बाद वह अकेले ऊपर जाने लगा। इसी बीच एक कुत्ते ने उसे दौड़ा लिया। पांचवीं मंजिल पर जाने के बाद बच्चे का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर अस्पताल गए, लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
छठी मंजिल पर रहता था परिवार
दरअसल, पूरा मामला नागपुर के पावन गांव में मौजूद देव हाईट्स बिल्डिंग का है। यहां ट्रांसपोर्टर रवींद्र बोकडे अपने परिवार के साथ छठी मंजिल पर रहते हैं। सोमवार की शाम रवींद्र बोकडे का बेटा जयेश अपने दोस्तों के साथ बिल्डिंग के नीचे खेल रहा था। खेलने के बाद जब वह बिल्डिंग पर सीढ़ियों के सहारे चढ़ रहा था, तभी एक आवारा कुत्ता उसके पीछे दौड़ पड़ा। इस कुत्ते से बचने के लिए जयेश सीढ़ी के पांचवें माले से छठी मंजिल की तरफ भागा। इसी दौरान खिड़की की ग्रिल के पास उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया।
5वीं मंजिल से गिरा बच्चा
पांचवें मंजिल से गिरने के बाद जयेश गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे घायल अवस्था में पास के ही एक निजी हॉस्पिटल में ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जयेश को मृत घोषत कर दिया। वहीं इस घटना के बाद पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं जयेश की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बता दें कि कुत्तों के आंतक की वजह से आए दिन स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।