1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Video: कल्याण इलाके के कॉलेज में छात्रों ने पढ़ी नमाज, हिंदू संगठनों ने जताया विरोध तो छात्रों ने कान पकड़कर मांगी माफी

Video: कल्याण इलाके के कॉलेज में छात्रों ने पढ़ी नमाज, हिंदू संगठनों ने जताया विरोध तो छात्रों ने कान पकड़कर मांगी माफी

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Nov 21, 2025 11:02 pm IST,  Updated : Nov 21, 2025 11:12 pm IST

कल्याण इलाके के एक कॉलेज में कुछ छात्रों ने नमाज पढ़ी। इसका वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने कॉलेज प्रशासन से शिकायत की।

कॉलेज में नमाज़ पढ़ने को लेकर विवाद- India TV Hindi
कॉलेज में नमाज़ पढ़ने को लेकर विवाद Image Source : REPORTER

मुंबई से सटे कल्याण इलाके में स्थित आइडियल कॉलेज में नमाज़ पढ़ने को लेकर विवाद हो गया है। कॉलेज में नमाज पढ़ने की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे और प्रशासन के सामने आपत्ति दर्ज कराई। वीडियो वायरल होने के बाद छात्रों ने कान पकड़कर माफी मांगी है। 

कॉलेज प्रशासन के अनुसार, कुछ छात्र एक खाली कक्षा में कुछ मिनटों के लिए नमाज़ पढ़ रहे थे। इसी दौरान किसी ने इस घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद कुछ संगठनों ने विरोध जताते हुए संबंधित छात्रों पर कार्रवाई की मांग की।

छात्रों ने कॉलेज प्रशासन से मांगी माफी

पुलिस ने कॉलेज पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में रखा। हालांकि, कॉलेज प्रशासन ने पुलिस से अनुरोध किया कि यह मामला शैक्षणिक परिसर से जुड़ा है, इसलिए इसे कॉलेज स्तर पर ही सुलझाया जाए। प्रशासन की इस मांग का सम्मान करते हुए पुलिस ने स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से संभाला।

इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने संबंधित छात्रों को बुलाकर चर्चा की। छात्रों ने स्वीकार किया कि उन्होंने नमाज़ पढ़ी थी, लेकिन उनका किसी विवाद को जन्म देने या धार्मिक भावनाएं भड़काने का कोई इरादा नहीं था। किसी भी गलतफ़हमी से बचने के लिए छात्रों ने प्रशासन और मौजूद कार्यकर्ताओं से माफ़ी भी मांगी।

कॉलेज प्रशासन ने कही ये बात

कॉलेज प्रशासन ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में अनुशासन और नियमों का पालन अनिवार्य होता है। ऐसी धार्मिक गतिविधियाँ संस्थान के नियमों के अनुरूप नहीं हैं। इसलिए आगे से कोई भी छात्र इस तरह की घटना दोहराए नहीं। इसकी सख्त निगरानी की जाएगी। साथ ही, संबंधित छात्रों पर आवश्यक कार्रवाई करने का भी आश्वासन दिया गया।

घटना के बाद कॉलेज परिसर पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस भी कुछ समय निगरानी करने के बाद वहां से रवाना हो गई। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने इस मामले को शांतिपूर्ण ढंग से हैंडल किया तो वहीं कॉलेज ने भी इंटरनल लेवल पर मामले को संज्ञान में लिया है। हालांकि किसी की तरफ से भी अभी तक कोई भी औपचारिक बयान नहीं दिया गया है।

रिपोर्ट- सुनील शर्मा, कल्याण

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।