1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. दलित युवक के अंबेडकर जयंती मनाने पर जताई नाराजगी, कहा- हिम्मत कैसे हुई, उतारा मौत के घाट

दलित युवक के अंबेडकर जयंती मनाने पर जताई नाराजगी, कहा- हिम्मत कैसे हुई, उतारा मौत के घाट

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 04, 2023 02:50 pm IST,  Updated : Jun 04, 2023 02:50 pm IST

दलित युवक की उम्र 24 वर्ष बताई जा रही है। युवक की हत्या के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने हत्या के मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाने पर कुछ लोगों ने इस कदर नाराजगी जताई कि उन्होंने एक दलित युवक की हत्या कर दी। युवक की उम्र 24 वर्ष बताई जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने हत्या के मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है।

सात आरोपियों को किया गया गिरफ्तार 

नांदेड़ पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना दो दिन पहले बोंदर हवेली गांव में हुई थी। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान अक्षय भालेराव के रूप में हुई। अंबेडकर जयंती 14 अप्रैल को मनाई जाती है। अधिकारी ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के अलावा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में जांच जारी है।

शादी में तलवार लेकर डांस कर रहे थे आरोपी

पुलिस ने बताया कि अक्षय भालेराव गुरुवार शाम एक रास्ते से गुजर रहा था। इस दौरान आरोपी, एक शख्स की शादी में हाथों में तलवार लेकर डांस कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि अक्षय भालेराव और उसके भाई आकाश को देखा तो एक आरोपी कहने लगा, "इसने गांव में 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती मनाई, इसकी हिम्मत कैसे हुई।" इस बात को लेकर नोकझोंक होने लगी। इसी दौरान आरोपियों ने अक्षय भालेराव को बुरी तरह पीटा और चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने अक्षय के भाई के साथ भी जमकर मारपीट की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।