1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. उप सरपंच ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, पुलिस ने नर्तकी को किया गिरफ्तार

उप सरपंच ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, पुलिस ने नर्तकी को किया गिरफ्तार

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Sep 11, 2025 07:42 am IST,  Updated : Sep 11, 2025 09:06 am IST

महाराष्ट्र के सोलापुर में एक लोक नर्तकी पूजा गायकवाड़ को गिरफ्तार किया गया है, जिस पर उप-सरपंच गोविंद बर्गे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। वह संपत्ति पर कब्जा करना चाहती थी।

Deputy Sarpanch committed suicide by shooting himself police arrested the dancer- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : INDIA TV

महाराष्ट्र के सोलापुर में पुलिस ने 21 वर्षीय एक लोक नर्तकी को गिरफ्तार किया है, जिसके घर के बाहर 34 वर्षीय उप-सरपंच ने खुद को कथित तौर पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रतीत होता है कि आरोपी महिला के साथ उप-सरपंच गोविंद बर्गे के रिश्ते ठीक नहीं थे और वह महिला की बढ़ती मांगों से परेशान थे। पुलिस ने कहा कि नृतकी की नजर उप-सरपंच की संपत्ति पर थी। उप-सरपंच के परिवार के सदस्यों ने बताया कि सोलापुर के बार्शी में एक लोक नृत्य मंडली की सदस्य आरोपी पूजा गायकवाड़ से बर्गे का संबंध था। 

कार में मिला था शव

गायकवाड़ कथित तौर पर बर्गे पर जमीन और एक बंगला अपने नाम कराने का दबाव बना रही थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला ने धमकी दी थी कि अगर बर्गे ने उसकी बात नहीं मानी, तो वह उसके खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराएगी। पुलिस ने कहा, ‘‘मंगलवार को बार्शी तहसील के सासुरे गांव में गायकवाड़ की मां के घर के बाहर बर्गे की कार में उनका शव मिला और उनके सिर में गोली लगने के निशान थे। आत्महत्या करने से पहले, बर्गे ने गायकवाड़ को वीडियो कॉल किया था और बातचीत के लिए बुलाने की कोशिश की थी, लेकिन उसने मना कर दिया।’’ 

पुलिस ने किया गिरफ्तार

बर्गे के साले ने गायकवाड़ के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया, जिसके बाद गायकवाड़ को गिरफ्तार कर लिया गया और तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। बर्गे बीड के जियोराई में स्थित लुखामसाला के उप-सरपंच थे। वह ठेकेदार थे और बार्शी में स्थित एक लोक कला केंद्र में अक्सर आते-जाते थे, जहां उनकी मुलाकात गायकवाड़ से हुई थी।

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।