1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. देवेंद्र फडणवीस ने ली हार की जिम्मेदारी, पद छोड़ने की जताई इच्छा तो भाजपा ने कही ये बात

देवेंद्र फडणवीस ने ली हार की जिम्मेदारी, पद छोड़ने की जताई इच्छा तो भाजपा ने कही ये बात

 Reported By: Sachin Chaudhary, Edited By: Adarsh Pandey
 Published : Jun 05, 2024 03:08 pm IST,  Updated : Jun 05, 2024 03:49 pm IST

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में पार्टी के हार की जिम्मेदारी लेते हुए सरकार की जिम्मेदारी से मुक्त होने की इच्छा जताई है। अब उनके इस प्रस्ताव पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी बात रखी है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस- India TV Hindi
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस Image Source : PTI

लोकसभा चुनाव के नतीजे आते ही महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ी हलचल होती नजर आ रही है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक राज्य में भाजपा की हार की पूरी जिम्मेदारी अपने ऊपर ले ली है। इतना ही नहीं उन्होंने राज्य में पार्टी के हार की जिम्मेदारी अपने ऊपर लेते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से गुजारिश की है कि उन्हें महाराष्ट्र सरकार की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया जाए। देवेंद्र फडणवीस द्वारा यह प्रस्ताव देने के बाद अब महाराष्ट्र के भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बवनकुले ने अपनी बात रखी है। आइए आपको विस्तार से यह खबर बताते हैं।

देवेंद्र फडणवीस ने क्या कहा?

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 'राज्य में NDA को जो सेट बैक मिला है, मैं उसकी पूरी जिम्मेदारी लेता हूं। इस हार की जिम्मेदारी मैं अपने ऊपर लेता हूं।' उन्होंने आगे कहा कि मैं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से यह गुजारिश करूंगा कि मुझे सरकार की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया जाए।

पार्टी संगठन की दी जाए जिम्मेदारी- फडणवीस

देवेंद्र फडणवीस ने सरकारी की जिम्मेदारी से मुक्त होने की इच्छा जताते हुए आगे कहा कि, मुझे पार्टी संगठन की जिम्मेदारी दी जाए। भविष्य में महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। मैं सरकार के साथ रहूंगा और मार्गदर्शन करता रहूंगा। उन्होंने आगे कहा, 'मैं सरकार में रहने के बजाए राज्य में पार्टी की मजबूती के लिए काम करना चाहता हूं।'

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने ठुकाराया प्रस्ताव

महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बवनकुले ने देवेंद्र फडणवीस द्वारा पद छोड़ने की इच्छा पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, 'हम चाहते हैं कि देवेंद्र फडणवीस सरकार में ही रहें। सरकार में रहकर वो पार्टी संगठन को मजबूत करने का काम करें। हम चाहते हैं कि वो तीन दिन सरकार को दें और चार दिन संगठन को दें।'उन्होंने आगे कहा कि, हमें उम्मीद है कि देवेंद्र हमारी इस बात को मानेंगे।

महाराष्ट्र में कैसे आए चुनाव के नतीजे?

आपको पता ही होगा कि देश में हुए 18वीं लोकसभा चुनाव के नतीजे कल यानी 4 जून 2024 को आए। इन नतीजों के मुताबिक भाजपा को देश भर से 240 सीट मिले। आपको बता दें कि महाराष्ट्र में लोकसभा की 48 सीटें हैं। इन 48 सीटों में से भाजपा को सिर्फ 9 सीटों पर ही जीत मिल पाई। वहीं NDA को महाराष्ट्र में 17 सीटें मिली हैं।

ये भी पढ़ें-

रिजल्ट आते ही भावी मुख्यमंत्री के तौर पर नाना पटोले के लगे पोस्टर, दिवाली से पहले होना है चुनाव

वायुसेना का सुखोई-30 एयरक्राफ्ट नासिक में हुआ क्रैश, दोनों पायलट सुरक्षित

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।