1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान विभिन्न हादसों में चार लोग डूबे, 13 लापता, तलाश जारी

गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान विभिन्न हादसों में चार लोग डूबे, 13 लापता, तलाश जारी

 Published : Sep 07, 2025 04:09 pm IST,  Updated : Sep 07, 2025 04:09 pm IST

पुणे जिले के चाकन क्षेत्र में तीन अलग-अलग घटनाओं में चार लोग अलग-अलग जलाशयों में बह गए। नांदेड़ जिले के गडेगांव में एक नदी में तीन लोग बह गए।

Ganesh Idol immersions- India TV Hindi
गणेश प्रतिमा विसर्जन Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्ट्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के साथ ही गणेश उत्सव का समापन हो गया है। हालांकि गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विभिन्न हादसों में कम से कम चार लोग डूब गए और 13 अन्य लापता हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। 

पुणे में चार लोग जलाशयों में बह गए

इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि पुणे जिले के चाकन क्षेत्र में तीन अलग-अलग घटनाओं में चार लोग अलग-अलग जलाशयों में बह गए। उन्होंने कहा कि दो लोग वाकी खुर्द में भामा नदी में और एक शेल पिंपलगांव में बह गया तथा एक अन्य व्यक्ति पुणे ग्रामीण के बिरवाड़ी में एक कुएं में गिर गया। अधिकारी ने बताया कि चार लोगों में से दो के शव अब तक बरामद कर लिए गए हैं तथा अन्य दो की तलाश जारी है। 

नांदेड़ में तीन लोग विसर्जन के दौरान बह गए
नांदेड़ जिले के गडेगांव में एक नदी में तीन लोग बह गए। पुलिस ने बताया कि बाद में एक व्यक्ति को बचा लिया गया और अन्य दो की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि नासिक में चार लोग इसी तरह की त्रासदी का शिकार हुए और उनमें से एक का शव सिन्नार में बरामद किया गया।

जलगांव में लापता लोगों की तलाश जारी
 पुलिस ने कहा कि जलगांव में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोग बह गए और उनका पता लगाने के प्रयास जारी हैं। इसने बताया कि ठाणे जिले में मूर्ति विसर्जन के दौरान तीन लोग बह गए और अब तक एक शव बरामद किया गया है। 

अमरावती में एक शख्स लापता
पुलिस के अनुसार, एक अन्य घटना में, अमरावती में विसर्जन के दौरान एक व्यक्ति के डूबने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियां, झील और अन्य जल निकाय उफान पर हैं, जिसके कारण राज्य आपदा मोचन दल और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को तैनात किया गया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।