मुंबई के वर्सोवा इलाके में अपने बॉयफ्रेंड के साथ अफेयर के शक में गर्लफ्रेंड ने एक लड़की के घर में न सिर्फ मारपीट की बल्कि उसके बाल भी काट डाले। गर्लफ्रेंड लड़की का बाल काटकर अपने साथ ले गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
घर में घुसकर काटे बाल और मारपीट की
पुलिस की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक मुंबई के वर्सोवा इलाके में एक कॉलेज छात्रा के साथ उसके पहचान की एक महिला और उसके साथियों ने मारपीट की और जबरन उसके बाल काट दिए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह पूरा विवाद प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ है। पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया है कि हर्षद नाम के एक युवक से वह एक कॉमन फ्रेंड के माध्यम से मिली और उनकी सोशल मीडिया पर बातचीत होती थी। वहीं हर्षद और मुख्य आरोपी लायबा नाम की युवती प्रेम संबंध में थे और हर्षद ने लायबा के सामने पीड़िता के बालों की तारीफ की थी।
जानकारी के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब पीड़िता अपने घर पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपी महिला लायबा अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंची। आरोप है कि तीनों ने छात्रा को जबरन बाहर ले जाकर उसके साथ मारपीट की और उसके बाल काट दिए।
शक के चलते लड़की के बाल काट कर ले गई गर्लफ्रेंड
पीड़िता का कहना है, कि मुख्य आरोपी को शक था कि उसका उसके बॉयफ्रेंड के साथ संबंध है। इसी शक के चलते पहले भी दोनों के बीच विवाद हो चुका था, लेकिन इस बार मामला हिंसा तक पहुंच गया। घटना के दौरान आरोपियों ने इस पूरी हरकत का वीडियो भी बनाया और पीड़िता को इसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इस घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की गहन जांच जारी है।