1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. ‘तू हमें देखकर हंसा क्यों?’ महाराष्ट्र में युवकों ने लाठियों से फोड़ दिया सिर; CCTV में कैद हुई सनक

‘तू हमें देखकर हंसा क्यों?’ महाराष्ट्र में युवकों ने लाठियों से फोड़ दिया सिर; CCTV में कैद हुई सनक

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Aug 19, 2026 01:02 pm IST,  Updated : Aug 19, 2026 01:02 pm IST

महाराष्ट्र के गोंदिया में सिर्फ एक मुस्कुराहट को लेकर बवाल मच गया। सैलून के सामने खड़े कुछ युवकों को दूसरे लड़कों का हंसना इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।

युवक पर लाठियों से...- India TV Hindi
युवक पर लाठियों से हमला। Image Source : REPORTER INPUT

महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के तिरोड़ा में सरेराह गुंडागर्दी का रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। ​हैरान करने वाली बात यह है कि विवाद की वजह सिर्फ और सिर्फ एक 'मुस्कुराहट' बनी। तिरोड़ा शहर में एक सैलून के सामने खड़े कुछ युवकों को दूसरे लड़कों का हंसना इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने आव देखा न ताव, लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। इस खूनी हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

​दहशत फैलाने वाली यह पूरी वारदात सैलून में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को दबोच लिया है।

शेंडे सैलून के पास की घटना।
Image Source : REPORTER INPUTशेंडे सैलून के पास की घटना।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के मुताबिक वारदात तिरोड़ा के सी. जे. पटेल कॉलेज के सामने स्थित शेंडे सैलून के पास की है। पालडोंगरी का रहने वाला 25 वर्षीय लोकेश मदनलाल प्रजापति अपने दोस्तों के साथ सैलून के शटर के पास खड़ा था। तभी आरोपी वहां पहुंचे और सीधे सवाल दाग दिया- “तू हमें देखकर क्यों हंसा?” बात इतनी सी थी, लेकिन आरोपियों के सिर पर खून सवार हो गया।

गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने लोकेश और उसके दोस्त पर लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया। सिर, हाथ और पैरों पर बेरहमी से वार किए गए और जान से मारने की धमकी भी दी गई।

मुस्कुराहट पर खूनी खेल, 2 युवक लहूलुहान

​इस खौफनाक हमले में कार्तिक गजानन रहांगडाले और तेजस भरतलाल उरकुड़े गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। यह पूरा वाकया सैलून के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

सामने आया हमले का वीडियो-

पुलिस की कार्रवाई

​मामले की गंभीरता को देखते हुए तिरोड़ा पुलिस ने एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी रुद्र राकेश वाल्मीक, गौरव दिलीप करोसी और एक अन्य नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। तिरोड़ा पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 792/2026 के तहत BNS की धारा 109(1), 115(1), 352, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी गई है।

वहीं, एक अन्य घटना महाराष्ट्र के नागपुर से सामने आई है। यहां होटल के एक कमरे में 28 साल की युवती की उसके बॉयफ्रेंड ने चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि आरोपी ने बाद में खुद को चाकू से कई घाव देकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। 

(रिपोर्ट- रवि आर्या)

यह भी पढ़ें-

चचेरी नाबालिग बहन की हत्या कर शव सूटकेस में भरकर फेंका, पुलिस को हत्याकांड की भनक लगी तो हुआ खुलासा

2 पत्नियों के बारे में पता न चले, इसीलिए प्रेगनेंट गर्लफ्रेंड को मार डाला; ओडिशा से शव ले जाकर आंध्र में दफनाया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।