मुंबई के कुछ हिस्सों में जोरदार बारिश हो रही है। भारी बारिश की वजह से मुंबई और नवी मुंबई के कई इलाकों में भारी जलजमाव देखा गया। अंधेरी, मलाड और मुलुंड इलाकों में भी पानी भरने की खबर है। भारी बारिश के कारण शहर में कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को मुंबई के लिए अगले कुछ दिनों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, जिसमें गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
मुंबई से सटे नवी मुंबई में पिछले कुछ घंटों से ज़ोरदार बारिश हो रही है। कुछ इलाकों, खासकर APMC मार्केट जोन और हाईवे के कुछ हिस्सों में पानी भरने की खबर है, जबकि रुक-रुक कर बारिश जारी है।
मुंबई के लिए जोरदार बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के जिलेवार ताजा अनुमान के मुताबिक, मुंबई में शुक्रवार तक कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, मौसम विभाग ने पड़ोसी जिले पालघर के लिए सोमवार को रेड अलर्ट यानी अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी और रायगढ़ के लिए पांच दिनों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
उपनगरों में रातभर बरसे बादल
सोमवार को मुंबई के उपनगरों में रातभर हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। महज चार घंटों (आधी रात से सुबह 4 बजे तक) के भीतर कई इलाकों में 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन के आंकड़ों के अनुसार, मुलुंड के वीणा नगर में सबसे ज्यादा 160.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा मानखुर्द (123.4 मिमी), पवई (122 मिमी) और मीठागर (120.8 मिमी) में भी भारी बारिश हुई। वर्सोवा में 156.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
इसके बाद मरोल (108.4 मिमी) और ओशिवारा (108 मिमी) का नंबर रहा। आईलैंड सिटी में मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिसमें माटुंगा में सबसे अधिक 53.4 मिमी और दादर में 45.6 मिमी बारिश हुई। भारी बारिश के कारण नवी मुंबई के एपीएमसी मार्केट क्षेत्र और हाईवे के कुछ हिस्सों में भी जलजमाव की खबरें हैं। प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें-
CM विजय ने अधिकारियों को दी खुली छूट, कहा- "चाहे कोई कितना भी शक्तिशाली हो, सजा मिलनी चाहिए"