1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नकली सांप को रिमोट से हिलाकर चमत्कार बताता था अशोक खरात, लाखों में बेचता था इमली के बीज; हुए चौंकाने वाले खुलासे

नकली सांप को रिमोट से हिलाकर चमत्कार बताता था अशोक खरात, लाखों में बेचता था इमली के बीज; हुए चौंकाने वाले खुलासे

 Reported By: Sameer Bhaudas Bhise Edited By: Amar Deep
 Published : Mar 23, 2026 09:14 am IST,  Updated : Mar 23, 2026 11:10 am IST

खुद को स्वयंभू बाबा बताने वाले अशोक खरात को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच में इस बात के चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं कि वह किस तरह से लोगों को अपने जाल में फंसाता था।

लोगों को कैसे जाल में फंसाता था अशोक खरात।- India TV Hindi
लोगों को कैसे जाल में फंसाता था अशोक खरात। Image Source : REPORTER INPUT

मुंबई: महाराष्ट्र में हाल ही में एक स्वयंभू बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार किया। बाबा पर आरोप है कि उसने कई महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया है। बाबा खुद को तांत्रित बताकर लोगों को बरगलाता था। नासिक पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में स्वयंभू ज्योतिषाचार्य और तांत्रिक अशोक खरात उर्फ कैप्टन को गिरफ्तार किया। आरोप है कि स्वयंभू बाबा के संपर्क में कई बड़ी नामी हस्तियां भी थी। वहीं अब पुलिस की गिरफ्तारी के बाद स्वयंभू बाबा ने कई राज खोले हैं। बाबा लोगों को ठगने के लिए तरह-तरह के ढोंग करता था। 

नकली सांपों में हलचल करके बताता था चमत्कार

जांच के दौरान पता चला है कि ढोंगी बाबा अशोक खरात उर्फ कैप्टन द्वारा लोगों को ठगने और पैसे वसूलने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जाते थे। अशोक खरात लोगों को ठगने के लिए रिमोट कंट्रोल से चलने वाले नकली सांपों का उपयोग करता था। नकली सांपों की कृत्रिम हलचल को वह 'चमत्कार' बताकर लोगों को गुमराह करता था। आरोपी अपने रसूख और डर का माहौल बनाने के लिए भक्तों को बाघ की खाल और अन्य प्रतिबंधित वन्यजीव वस्तुएं भी दिखाता था।

लाखों में बेचता था इमली के बीज

जांच के मुताबिक बाजार में बेहद सस्ते मिलने वाले जंगली चिंचोकों (इमली के बीज) को पॉलिश करके वह उन्हें 'मंतरित' बताता था और पीड़ितों को भारी कीमत पर बेचता था। अशोक खरात सामने वाले व्यक्ति की आर्थिक स्थिति भांपकर 100 रुपये की मामूली वस्तु को 10 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक में बेचकर ठगी करता था। इतना ही नहीं वह खुद में दैवी शक्ति होने का दावा भी करता था। वह लोगों को नकली पत्थर और रत्न थमा देता था, जिन्हें वह चमत्कारी बताता था।

डीजीपी के नेतृत्व में चल रही जांच

दावों के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल और महाराष्ट्र महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर का नाम भी अशोक खरात से जोड़ा जा रहा है। अशोक खरात से नाम जुड़ने के बाद से रूपाली चाकणकर ने इस्तीफा भी दे दिया है। वहीं महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि अशोक खरात के मामले में डीजीपी के नेतृत्व में उच्चस्तरीय जांच की जा रही है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। खरात को एक महिला का तीन साल तक यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

बाबा कर चुका है 150 विदेश यात्राएं

जांच एजेंसियों द्वारा गिरफ्तार अशोक खरात की आलीशान जीवनशैली की जांच की जा रही है, जिसने कथित तौर पर लगभग 150 विदेश यात्राएं की हैं। हाल ही में अपने परिवार के साथ दक्षिण कोरिया की यात्रा के दौरान खरात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं। कैप्टन के रूप में अपनी पहचान बनाने वाला यह बाबा इन तस्वीरों में बेहद आधुनिक ' लुक में नजर आ रहा है। अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि इन महंगी अंतरराष्ट्रीय यात्राओं के लिए धन कथित तौर पर काला जादू और जबरन वसूली के जरिए जुटाया गया था। यह खुलासा उसकी संपत्तियों से आपत्तिजनक वीडियो, हथियार और अघोरी अनुष्ठानों के सबूत मिलने के बाद हुआ है।

कई विदेश यात्राएं कर चुका है ढोंगी बाबा।
Image Source : REPORTER INPUTकई विदेश यात्राएं कर चुका है ढोंगी बाबा।

यह भी पढ़ें-

VIDEO: अतीक अहमद और गुड्डू मुस्लिम के साथियों की गुंडागर्दी, जमीन नहीं देने पर लोहे की रॉड से पीटा; दी जान से मारने की धमकी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।