भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से सैन्य मुकाबले में पाकिस्तान को धूल चटा दी है। दूसरी ओर अब देश में पाकिस्तान के जासूसों पर भी एक्शन जारी है। इसी क्रम में पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को गिरफ्तार किया गया है। ज्योति पाकिस्तान भी गई थी और उसने भारत में कई अहम जगहों पर जाकर व्लॉग बनाया था। ज्योति पर पाकिस्तान को भारत की गोपनीय सैन्य जानकारियां भेजने का आरोप है। वहीं, अब खुलासा हुआ है कि ज्योति मल्होत्रा ने मुंबई में भी व्लॉग बनाया था। इस जानकारी के सामने आने के बाद महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि जरूरत पड़ने पर जरूर ज्योति मल्होत्रा के कस्टडी की मांग की जाएगी।
जरूरत पड़ने पर कस्टडी की मांग की जाएगी- योगेश कदम
ज्योति मल्होत्रा द्वारा मुंबई में बनाए गए व्लॉग पर गृह राज्यमंत्री योगेश कदम का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि महाराष्ट्र सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों के संपर्क में है। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी इस मामले पर नजर रखे हुए हैं। योगेश कदम ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर जरूर ज्योति के कस्टडी की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा है कि जांच सही दिशा में चल रही है।
हमारी जांच एजेंसियां अलर्ट हैं- योगेश कदम
महाराष्ट्र के गृह राज्यमंत्री योगेश कदम ने कहा- "ज्योति ने जो भी रेकी की होगी या जो भी जानकारी उसने इकट्ठा की होगी, उन सब का पता लगाया जा रहा है। अगर जरूरत पड़ेगी तो जरूर ज्योति मल्होत्रा के कस्टडी की मांग की जाएगी। लेकिन अभी तक जांच जो भी हो रही है वह केंद्रीय एजेंसी के माध्यम से हो रही है। जब भी जांच पूरी होगी, जांच में जो भी सत्य सामने आएंगे उसे हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। इस मामले की जांच चल रही है। ज्योति को गिरफ्तार किया गया है। इस केस की जानकारी बहुत ही संवेदनशील है, इसीलिए सार्वजनिक तौर पर इसे हम डिस्कस नहीं कर सकते हैं। लेकिन हमारी जांच एजेंसियां अलर्ट हैं।
कोर्ट ने बढ़ाई 4 दिन की रिमांड
दूसरी ओर कोर्ट ने जासूसी के आरोप में गिरफ्तार ज्योति मल्होत्रा की रिमांड चार दिनों के लिए बढ़ा दी है। ज्योति मल्होत्रा के कबूलनामे से ये साफ हो गया है कि वह पाकिस्तान के इशारों पर काम कर रही थी। ज्योति पाकिस्तान हाई कमीशन के अफसर दानिश के लगातार संपर्क में थी।
ये भी पढ़ें- ज्योति मल्होत्रा जासूसी मामला: कोर्ट ने बढ़ाई 4 दिन की रिमांड, कल रात हुई थी मेडिकल जांच
पहलगाम से पहले ISI ने रची थी एक और हमले की साजिश, पाकिस्तान का स्लीपर सेल नेटवर्क बेनकाब