मुंबई: बिहार विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए इस बार कई प्रसिद्ध भोजपुरी गायक और अभिनेता भी राजनीति में उतरे हैं। उन्हीं में से एक खेसारीलाल यादव हैं, जो छपरा विधानसभा क्षेत्र से राजद के उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं। लेकिन अब उनके मुंबई स्थित घर को महानगरपालिका का नोटिस मिला है। यह नोटिस अवैध निर्माण को लेकर है।
खेसारी लाल यादव इन दिनों बिहार विधानसभा चुनाव के लिए काफी व्यस्त हैं। राष्ट्रीय जनता दल ने उन्हें छपरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। खेसारी लाल की सभाओं में जनसैलाब उमड़ रहा है। बड़े पैमाने पर लोग उन्हें देखने के लिए जुट जाते हैं। लेकिन जहां खेसारी लाल यादव चुनाव प्रचार में दिन रात एक किए हुए हैं वहीं उनके लिए एक नई मुसीबत है मीरा रोड-भयंदर महानगरपालिका का नोटिस। यह नोटिस मुंबई के मीरा रोड स्थित घर में हुए अवैध निर्माण को लेकर है।
मीरा रोड स्थित घर में उन्होंने अवैध तरीके से लोहे का एंगल और पत्राशेड लगा रखा है। महानगरपालिका ने इस निर्माण को अवैध बताते हुए खेसारी लाल यादव को नोटिस भेजा है। इस नोटिस में घर पर लगाए गए लोहे के एंगल और पत्राशेड को अवैध घोषित करते हुए तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं। अन्यथा नगरपालिका के अतिक्रमण विभाग द्वारा कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

बताया जा रहा है कि वर्तमान में उनके घर पर ताला लगा हुआ है और पूरा परिवार चुनावी पृष्ठभूमि में बिहार गया हुआ है। ऐसे में मीरा रोड पर अतिक्रमण-विरोधी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है। बता दें कि छपरा विधानसभा सीट पर खेसारी लाल यादव की टक्कर बीजेपी से है। बीजेपी के टिकट पर यहां से छोटी कुमारी चुनाव लड़ रही हैं। यह सीट भाजपा का पारंपरिक गढ़ रही है लेकिन खेसारी की लोकप्रियता के कारण मुकाबला रोचक हो गया है। हालांकि, यहां चतुष्कोणीय लड़ाई चल रही है, जिसमें जनसुराज पार्टी से पूर्व आईपीएस जयप्रकाश सिंह और निर्दलीय (पूर्व मेयर राखी गुप्ता) भी मैदान में हैं।
रिपोर्ट-हनीफ, मुंबई
संपादक की पसंद