1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में राज्य परिवहन की पहली बस के कंडक्टर का 99 साल की उम्र में निधन, CM शिंदे ने जताया शोक

महाराष्ट्र में राज्य परिवहन की पहली बस के कंडक्टर का 99 साल की उम्र में निधन, CM शिंदे ने जताया शोक

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : May 18, 2023 12:56 pm IST,  Updated : May 18, 2023 12:56 pm IST

लक्ष्मण केवटे का जन्म 17 अगस्त 1924 को हुआ था। उन्होंने एक जून 1948 को राज्य परिवहन में कंडक्टर के रूप में अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत की थी।

laxman shankar kevte- India TV Hindi
महाराष्ट्र के राज्य परिवहन की पहली बस के कंडक्टर लक्ष्मण केवटे का निधन Image Source : TWITTER- @MIEKNATHSHINDE

मुंबई: महाराष्ट्र में पुणे-अहमदनगर मार्ग पर एक जून 1948 को चलाई गई राज्य परिवहन की पहली बस के कंडक्टर लक्ष्मण केवटे का बुधवार रात निधन हो गया। वह 99 साल के थे। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) के अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि केवटे ने मुंबई से 275 किलोमीटर दूर अहमदनगर जिले के मालीवाड़ा इलाके स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ट्वीट कर केवटे के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा, “राज्य परिवहन (एसटी) की यात्रा शुरू करने वाले केवटे की जीवन यात्रा भले ही थम गई हो, लेकिन एसटी के इतिहास में उनका काम हमेशा याद किया जाएगा।”

1984 में रिटायर हुए थे केवटे

केवटे का जन्म 17 अगस्त 1924 को हुआ था। उन्होंने एक जून 1948 को राज्य परिवहन में कंडक्टर के रूप में अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत की थी। यह वही ऐतिहासिक तारीख है, जब राज्य परिवहन ने आजादी के बाद महाराष्ट्र में अपनी पहली बस सेवा शुरू की थी। परिवहन निगम के एक अधिकारी ने कहा कि केवटे ने सरकारी परिवहन निगम के साथ 36 साल तक काम किया। वह 30 अप्रैल 1984 को सेवानिवृत्त हुए थे। हालांकि, सेवानिवृत्ति के बाद भी वह परिवहन निगम की गतिविधियों में सक्रिय रहे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।