1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 25 किलोमीटर लंबे जाम में घंटों फंसी रही एम्बुलेंस, 2 साल के मासूम बच्चे की चली गई जान-VIDEO

25 किलोमीटर लंबे जाम में घंटों फंसी रही एम्बुलेंस, 2 साल के मासूम बच्चे की चली गई जान-VIDEO

 Published : Sep 19, 2025 06:49 pm IST,  Updated : Sep 19, 2025 07:28 pm IST

घंटों लगे जाम से हर कोई परेशान दिखा। एम्बुलेंस में घायल बच्चे की जान की चली गई। उसके परिजन उसे इलाज कराने के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे। तभी रास्ते में एम्बुलेंस जाम में फंस गई।

ट्रैफिक में फंसे वाहन- India TV Hindi
ट्रैफिक में फंसे वाहन Image Source : REPORTER INPUT

महाराष्ट्र के वसई इलाके में गुरुवार को हुए दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह से लगे भारी ट्रैफिक जाम के कारण एम्बुलेंस करीब पांच घंटे तक फंसी रही। इसके चलते दो साल के मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी।

बच्चे को आईं थी गंभीर चोटें

पेल्हार इलाके में रहने वाला रियान शेख (उम्र 2 साल) गुरुवार दोपहर चौथी मंजिल से नीचे गिर गया था। इस हादसे में उसके पेट में गंभीर चोटें आईं थीं। परिवार वालों ने तुरंत उसे नजदीकी गैलेक्सी अस्पताल में भर्ती कराया। 

आगे नहीं बढ़ सकी एम्बुलेंस

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बड़े अस्पताल में ले जाने की सलाह दी। दोपहर करीब डेढ़ बजे रियान को एम्बुलेंस से मुंबई के लिए रवाना किया गया। लेकिन मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह से ही लगी भीषण जाम की वजह से एम्बुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी।

25 किलोमीटर लगा लंबा जाम

दोपहर तक यह जाम और भी भयावह हो गया। मुंबई से गुजरात और गुजरात से मुंबई आने-जाने वाले दोनों मार्गों पर 20 से 25 किलोमीटर लंबी वाहन कतारें लग गई थीं।

बच्चे को डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

जाम में फसी एम्बुलेंस में रियान की हालत बिगड़ते देख परिवारजन उसे नजदीकी ससूनवघर गांव के एक छोटे अस्पताल में लेकर पहुंचे। लेकिन वहां के डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय प्रशासन पर खड़े हो रहे सवाल

इस घटना को लेकर पूरे इलाके में आक्रोश है। राजमार्ग की देखरेख, ट्रैफिक मैनेजमेंट की खामिया और आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस को प्राथमिकता न देने पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस दर्दनाक घटना को ट्रैफिक व्यवस्था की लापरवाही का एक और भयावह उदाहरण बताया जा रहा है।

रिपोर्ट- हनिफ पटेल 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।