1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र: पुणे में तेंदुए के हमले में 9 साल के बच्चे की मौत, खेत में शौच के लिए गया था

महाराष्ट्र: पुणे में तेंदुए के हमले में 9 साल के बच्चे की मौत, खेत में शौच के लिए गया था

 Published : Sep 25, 2024 02:26 pm IST,  Updated : Sep 25, 2024 02:26 pm IST

महाराष्ट्र के पुणे में एक बच्चे को तेंदुए ने उस वक्त अपना शिकार बनाया, जब वह शौच के लिए गया हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि तेंदुआ बच्चे को खींचते हुए खेतों के अंदर ले गया।

leopard attack- India TV Hindi
तेंदुए के हमले में 9 साल के बच्चे की मौत Image Source : FILE

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे जिले में बुधवार तड़के एक तेंदुए ने नौ वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। वन अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बच्चा जुन्नर तहसील के तेजीवाड़ी में अपने घर के पास खेत में शौच के लिए गया था। 

क्या है पूरा मामला?

शौच के लिए जाते समय तेंदुए ने बच्चे पर हमला कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि बच्चे के दादा भी आसपास ही थे। जुन्नर क्षेत्र के उप वन संरक्षक अमोल सतपुते ने बताया, 'ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जब बच्चा शौच के लिए गया था तो उस दौरान एक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे खेतों के अंदर ले गया।' 

उन्होंने बताया, 'बाद में बच्चे का शव मिला, जिस पर गंभीर घाव थे।' अधिकारी ने बताया कि बच्चे के माता-पिता ईंट के भट्टे पर काम करते हैं और अहमदनगर जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने कहा, 'घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों के लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है, क्योंकि तेंदुआ इसी क्षेत्र में है।'

गौरतलब है कि बीते कुछ समय से देशभर में भेड़िया, तेंदुए और सियार के हमलों के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है और कई घायल हुए हैं। सरकार भी इस तरीके के हमलों को लेकर चिंतित है और लगातार वन विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है। फिर भी इस तरह के हमले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। ये हालात वाकई डराने वाले हैं। (इनपुट: भाषा) 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।