1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नहीं रही स्टेफी, वो इंसानों की तरह बोल नहीं सकती थी लेकिन उसके जाने का दर्द पुलिसकर्मियों की आंखों में दिखा

नहीं रही स्टेफी, वो इंसानों की तरह बोल नहीं सकती थी लेकिन उसके जाने का दर्द पुलिसकर्मियों की आंखों में दिखा

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Oct 13, 2026 11:40 pm IST,  Updated : Oct 14, 2026 12:16 am IST

महाराष्ट्र के वाशिम में एक डॉग स्टेफी के निधन से पुलिसकर्मी भी भावुक हो गए। वह वाशिम पुलिस के बम शोधक एवं नाशक दस्ते में थी और 2023 में सिल्वर मेडल जीत चुकी थी।

Dog- India TV Hindi
वाशिम पुलिस के बम शोधक एवं नाशक दस्ते में सेवाएं दे रही थी स्टेफी Image Source : REPORTER INPUT

वाशिम : वो बोल नहीं सकती थी, लेकिन उसके जाने का दर्द आज पुलिसकर्मियों की आंखों में दिखाई दिया। वो सिर्फ एक डॉग नहीं, बल्कि पुलिसकर्मियों की साथी और परिवार का हिस्सा थी। महाराष्ट्र की वाशिम पुलिस के बम शोधक एवं नाशक दस्ते की डॉग स्टेफी के निधन की खबर सुनकर पुलिसकर्मी भावुक हो गए। अपने साथी को हमेशा के लिए खोने का गम उनके आंसुओं में साफ नजर आया। जिस स्टेफी के साथ उन्होंने कई पल बिताए, आज उसी की यादों ने सभी को भावुक कर दिया।

2023 में स्टेफी को मिला था सिल्वर मेडल 

कुछ रिश्ते शब्दों से नहीं, बल्कि प्यार, विश्वास और वफादारी से बनते हैं। स्टेफी और उसके साथ काम करने वाले पुलिसकर्मियों का रिश्ता भी कुछ ऐसा ही था। वाशिम पुलिस के बम शोधक एवं नाशक दस्ते में स्टेफी ने अपनी सेवाएं दीं। अपने काम के प्रति समर्पण और शानदार प्रदर्शन के चलते वर्ष 2023 में उसे सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया था।

स्टेफी के हैंडलर शरद वाटाणे और किशोर डौलसे के साथ उसका खास जुड़ाव था। साथ काम करते-करते यह रिश्ता ड्यूटी से आगे बढ़कर अपनापन और भावनाओं का रिश्ता बन गया था। लेकिन स्टेफी के निधन ने इस रिश्ते में एक ऐसी खाली जगह छोड़ दी, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा। उसकी मौत की खबर के बाद पुलिसकर्मी अपने आंसू नहीं रोक पाए। एक बेजुबान साथी को खोने का दर्द उनके चेहरों पर साफ दिखाई दिया।

स्टेफी अब उनके बीच नहीं है, लेकिन उसकी वफादारी, उसकी सेवाएं और उससे जुड़ी यादें हमेशा उनके दिलों में जिंदा रहेंगी क्योंकि कुछ साथी बोलकर अपना प्यार नहीं जताते लेकिन जब वे छोड़कर जाते हैं, तो उनकी खामोशी भी बहुत कुछ कह जाती है।

गौरतलब है कि डॉग्स को काफी वफादार माना जाता है और मान्यता है कि डॉग जिसके पास रहता है, उसे कभी धोखा नहीं देता। इसके अलावा डॉग्स में चीजों को सूंघकर याद रखने की गजब क्षमता होती है। यही वजह है पुलिस फोर्स भी डॉग्स का इस्तेमाल क्राइम सीन पर करती है और उनकी मदद से क्रिमिनल्स को पकड़ती है। स्टेफी भी वाशिम पुलिस के लिए इसी तरह से काम करती थी।

इससे पहले एक खबर सामने आई थी कि डॉग ने महिला की अस्मत बचाई! छेड़छाड़ की कोशिश कर रहे लड़के को खदेड़ा, CCTV वीडियो वायरल (इनपुट- वाशिम से इमरान खान)

ये भी पढ़ें-

कपड़ों की धुलाई जरा संभलकर! वाशिंग मशीन से निकला 7 फीट लंबा सांप, घरवालों के उड़ गए होश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।