1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पुणे के बाद नागपुर में मिल रहे 'गुइलेन-बैरे सिंड्रोम' के मामले, दो मरीज वेंटिलेटर पर

पुणे के बाद नागपुर में मिल रहे 'गुइलेन-बैरे सिंड्रोम' के मामले, दो मरीज वेंटिलेटर पर

 Reported By: Yogendra Tiwari Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jan 28, 2025 09:18 am IST,  Updated : Jan 28, 2025 12:00 pm IST

महाराष्ट्र के पुणे में गुइलेन-बैरे सिंड्रोम से संक्रमित लोगों की संख्या 110 के पार पहुंच गई है। वहीं, अब नागपुर में भी इस बीमारी के कई केस मिले है। इस कारण अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

सांकेतिक फोटो।- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : PEXELS

महाराष्ट्र में गुइलेन-बैरे सिंड्रोम (GBS) बीमारी की दहशत बढ़ती चली जा रही है। पहले राज्य के पुणे से ही गुइलेन-बैरे सिंड्रोम के मामले सामने आ रहे थे। हालांकि,  पुणे के बाद अब नागपुर में भी इस बीमारी के मरीज बढ़ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, दो मरीजों को वेंटिलेटर पर रखा गया है। गुइलेन-बैरे सिंड्रोम के मामले के सामने आने के बाद नागपुर सहित विदर्भ के सरकारी अस्पताल अलर्ट मोड पर आ गए हैं। लोगों को डॉक्टर की सलाह बिना दवाई ना लेने की सलाह दी गई है।

दो मरीज गंभीर अवस्था में

पुणे के बाद नागपुर में भी गुइलेन बैरे सिंड्रोम के मरीज मिलने के चलते सरकारी अस्पतालों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वहीं, दूसरी ओर प्रशासन ने भी आवश्यक उपाय योजना के निर्देश दिए हैं। नागपुर के मेडिकल कॉलेज और इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में गंभीर अवस्था में दो मरीज पहुंचे हैं जिन्हें उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। बता दें कि जीबीएस इम्यून से जुड़ी एक दुर्लभ बीमारी है।

अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया

गुइलेन-बैरे सिंड्रोम के मरीज के मिलने के बाद नागपुर सहित विदर्भ के सरकारी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। नागपुर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर अविनाश गावंडे ने बताया कि प्रशासन ने इस बीमारी के मरीजों के इलाज के व्यापक के इंतजाम किए हैं।

चार मरीज भर्ती हुए 

जानकारी के मुताबिक, अब तक अस्पताल में चार मरीज भर्ती हुए हैं जिनकी आयु 40 ,19 ,14 ,8 साल है। इनमें 8 वर्षीय मरीज को गंभीर अवस्था में आईसीयू में भर्ती किया गया है। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इसी तरह अस्पताल में एक 40 वर्ष के मरीज को आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है।

पुणे में 110 के पार हुए केस

PTI के मुताबिक, महाराष्ट्र के पुणे में ‘गुइलेन-बैरे सिंड्रोम के मामलों की संख्या 110 के पार पहुंच गई है। सोलापुर में संदिग्ध रूप से संक्रमित एक व्यक्ति की मौत हो गई है। आपको बता दें कि गुइलेन-बैरे सिंड्रोम एक रोग प्रतिरोधी क्षमता संबंधित रेयर बीमारी है। इसके कारण शरीर के हिस्से अचानक सुन्न पड़ जाते हैं और मांसपेशियां कमजोर पड़ जाती हैं। इस बीमारी के कारण हाथ और पैरों में भी गंभीर कमजोरी जैसे लक्षण दिखने लगते हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, गुइलेन-बैरे सिंड्रोम का कारण आम तौर पर जीवाणु और वायरल संक्रमण हैं। ये मरीजों की प्रतिरक्षा प्रणाली को कमजोर कर देते हैं।

ये भी पढ़ें- पुणे में फैल रही डरावनी बीमारी, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति की भी ले चुकी है जान

महाराष्ट्र: पुणे में ‘गुइलेन-बैरे सिंड्रोम’ के 101 मरीज, एक की मौत, जानें स्वास्थ्य मंत्री क्या बोले

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।