1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. ओवैसी की पार्टी AIMIM ने ठाणे और वसई-विरार निकाय चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए

ओवैसी की पार्टी AIMIM ने ठाणे और वसई-विरार निकाय चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए

 Published : Dec 29, 2025 03:06 pm IST,  Updated : Dec 29, 2025 03:10 pm IST

महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों को लेकर ओवैसी की पार्टी AIMIM ने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। शहरी स्थानीय निकायों में पार्टी की मौजूदगी बढ़ाने की रणनीति के तहत AIMIM ने तलोजा में भी एक सीट पर चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।

ओवैसी- India TV Hindi
असदुद्दीन ओवैसी Image Source : PTI

ठाणे: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन(AIMIM) ने ठाणे और वसई-विरार नगर निगमों के आगामी चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष इम्तियाज जलील ने बताया कि फिलहाल ठाणे शहर के मुंब्रा क्षेत्र से पांच और वसई-विरार क्षेत्र से तीन कैंडिडेट्स के नाम तय किए गए हैं। 

कैसे उम्मीदवार उतारना चाहती है AIMIM?

इम्तियाज जलील ने बताया , ‘‘सूची में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पेशेवर शामिल हैं, जिनमें दो चिकित्सक भी हैं। ये AIMIM के टिकट पर निकाय चुनाव लड़ेंगे।’’ जलील ने कहा कि पार्टी ऐसे उम्मीदवार उतारना चाहती है जिनका स्थानीय जुड़ाव हो और जिनके पास सार्वजनिक सेवा का अनुभव हो। उन्होंने बताया कि भिवंडी-निजामपुर चुनाव के लिए उम्मीदवार के चयन पर चर्चा अंतिम चरण में है। 

जलील ने कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्र में शहरी स्थानीय निकायों में पार्टी की मौजूदगी बढ़ाने की रणनीति के तहत AIMIM  तलोजा में भी एक सीट पर चुनाव लड़ेगी। ठाणे, वसई-विरार और भिवंडी-निजामपुर नगर निगमों समेत 29 नगर निकायों के चुनाव 15 जनवरी को होंगे और मतगणना अगले दिन यानी 16 जनवरी को होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 दिसंबर है।

पुणे में एनसीपी शरद गुट और अजित पवार गुट के बीच गठबंधन

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता रोहित पवार ने पुणे महानगरपालिका चुनावों के लिए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के साथ पार्टी के गठबंधन की सोमवार को घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता चुनाव में प्रतिद्वंद्वी गुट के साथ जाना चाहते थे। अजित पवार ने पिंपरी चिंचवड महानगरपालिका चुनावों के लिए दोनों गुटों के बीच गठबंधन की घोषणा रविवार को की। 

रोहित पवार ने कहा, ‘‘एनसीपी शरद गुट के शहर प्रमुख प्रशांत जगताप के पार्टी छोड़ने के बाद, कई कार्यकर्ता कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के पास आए और कहा कि दोनों गुटों को एक साथ आना होगा। स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए गठबंधन का निर्णय लिया गया है।’’ उन्होंने कहा कि यह गठबंधन दोनों गुटों के लिए चुनावी जंग को आसान बनाने के लिए किया गया है और फिलहाल पार्टियां पुणे तथा पिंपरी-चिंचवड के महानगरपालिका चुनाव एक साथ लड़ेंगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।