मुंबईः कांग्रेस ने राज ठाकरे की पार्टी मनसे के साथ गठबंधन से इनकार कर दिया है और बीएमसी समेत अन्य स्थानीय निकाय चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान कर दिया है। दरअसल, उद्धव ठाकरे गुट के शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा था कि राज ठाकरे चाहते हैं कि कांग्रेस उनके साथ गठबंधन में रहे। इसके जवाब में कांग्रेस ने साफ कह दिया कि वो फिलहाल राज ठाकरे के साथ गठबंधन के मूड में नहीं हैं।
Related Stories
MNS के साथ कांग्रेस नहीं करेगी गठबंधन
महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभारी रमेश चेन्नीथला ने साफ किया है कि कांग्रेस का फिलहाल महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) से कोई गठबंधन नहीं होगा और पार्टी आगामी स्थानीय निकाय चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। चेन्नीथला ने कहा कि राज ठाकरे की पार्टी को एमवीए में लेने या उनसे गठबंधन की कोई चर्चा कांग्रेस में नहीं हुई है। हम फिलहाल कोई गठबंधन नहीं कर रहे हैं। भविष्य में क्या होगा कहना मुश्किल है, लेकिन इस समय एमएनएस के साथ गठबंधन का कोई विचार नहीं है।
एमवीए में मतभेद की बात स्वीकारी
उन्होंने आगे कहा कि एमवीए (महा विकास आघाडी) के भीतर कई मतभेद हैं और कांग्रेस के कार्यकर्ता चाहते हैं कि पार्टी स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़े। स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने की छूट दी गई है। जो सुझाव आएंगे, उन्हें हाईकमान को भेजा जाएगा और अंतिम निर्णय वहीं से होगा।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने की समीक्षा बैठक
वहीं अमरावती में निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी ने समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भाजपा की चुनावी समीक्षा बैठक के बाद कहा कि आगामी चुनावों के लिए पूरी मशीनरी तैयार है। प्रदेशाध्यक्ष ने चुनावी बैठकों की पृष्ठभूमि पर आयोजन किए हैं। जहां गठबंधन संभव होगा, वहां गठबंधन करेंगे और जहां नहीं होगा, वहां स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेंगे। फडणवीस ने कहा कि कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि अगर किसी जगह गठबंधन नहीं होता है तो “मित्र पक्षों पर टीका-टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि महायुति (भाजपा-शिवसेना-एनसीपी) को आगामी चुनावों में शानदार सफलता मिलेगी।
स्वतंत्र पर चुनाव लड़ने के सवाल पर फडणवीस ने कहा कि हर कार्यकर्ता चाहता है कि पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़े, लेकिन हमें परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेना होता है।