1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र: अजित पवार के साथ प्लेन हादसे में मृत बॉडीगार्ड के परिजनों से मिलेंगी डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार, सतारा के लिए हुईं रवाना

महाराष्ट्र: अजित पवार के साथ प्लेन हादसे में मृत बॉडीगार्ड के परिजनों से मिलेंगी डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार, सतारा के लिए हुईं रवाना

 Reported By: Sameer Bhaudas Bhise, Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Feb 02, 2026 08:40 am IST,  Updated : Feb 02, 2026 08:44 am IST

अजित पवार के साथ प्लेन हादसे में जान गंवाने वाले पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) विदिप जाधव के परिजनों से डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार आज मुलाकात करेंगी।

Vidip Jadhav- India TV Hindi
डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार करेंगी PSO विदिप जाधव के परिजनों से मुलाकात Image Source : PTI/REPORTER INPUT

मुंबई: प्लेन हादसे में अजित पवार के साथ जिस बॉडीगार्ड विदिप जाधव की मौत हुई, आज डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार उसके परिजनों से मिलेंगी। मिली जानकारी के मुताबिक, सुनेत्रा पवार सतारा के लिए रवाना हो गई हैं। 

सुनेत्रा, महाराष्ट्र के पहले मुख्यमंत्री यशवंतराव चव्हाण के कराड स्थित प्रीति संगम समाधि स्थल पर पुष्पहार अर्पण करेंगी। इसके बाद सुनेत्रा, अजित पवार के साथ प्लेन दुर्घटना में मृत सिक्योरिटी गार्ड विदिप जाधव के परिवार के सदस्यों से मुलाकात करेंगी। बता दें कि विदिप जाधव का परिवार सतारा जिले के फलटण तालुका में रहता है।

कौन था विदिप जाधव?

महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख रहे अजित पवार का बुधवार सुबह पुणे जिले के बारामती के पास निजी विमान दुर्घटना में निधन हो गया था। इस दौरान उनके साथ पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) विदिप जाधव भी थे। विदिप की भी इस विमान हादसे में मौत हो गई थी।  मिली जानकारी के मुताबिक, पवार का प्लेन सुबह लगभग 8:45 बजे बारामती हवाई पट्टी पर उतरने के प्रयास के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।

मुंबई पुलिस के 2009 बैच के कांस्टेबल जाधव को बारामती क्षेत्र में पवार के चुनाव प्रचार के दौरान उनकी सुरक्षा का जिम्मा सौंपा गया था। विमान दुर्घटना के समय वह ड्यूटी पर थे। जाधव अपने परिवार के साथ विटावा में रहते थे और उनके माता-पिता वृद्ध हैं, उनकी एक 14 वर्षीय बेटी और एक 9 वर्षीय बेटा है। बुधवार को उनका घर बंद रहा था क्योंकि उनके माता-पिता अपने पैतृक स्थान गए हुए थे।

पड़ोसियों के मुताबिक, जाधव सभी के साथ घनिष्ठ संबंध रखने वाले व्यक्ति थे। 

अजित और विदिप के अलावा विमान हादसे में इन लोगों की भी गई जान

अजित पवार और विदिप जाधव के अलावा, इस हादसे में जान गंवाने वालों में फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली, स्टाफ सदस्य सुमित कपूर और दोनों पायलट कैप्टन साहिल मदन और शम्भावी पाठक शामिल थे। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

इस हादसे के बाद महाराष्ट्र सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। श्रद्धांजलि के तौर पर एक सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया। पवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई और उनका अंतिम संस्कार बारामती में हुआ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।