मुंबई: महाराष्ट्र के मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आई है। मुंबई के 122 साल पुराने एक कैफे का FSSAI लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। ये एक प्रसिद्ध कैफे है, जहां कई बॉलीवुड सितारे, राजनेता और शहर के नामचीन कलाकार भी आते-जाते रहे हैं।
क्यों की गई कार्रवाई?
राज्य के एफडीए विभाग की ओर से लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए होटल्स और रेस्टॉरेंट पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मुंबई के मशहूर और लगभग 122 साल पुराने कैफे पर कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई के तहत कैफे का एफएसएसएआई लाइसेंस निलंबित किया गया है। कैफे के खिलाफ ये कार्रवाई सोमवार को हुई है।
कैफे में निरीक्षण के दौरान मिली थीं गंभीर खामियां
एफडीए द्वारा निरीक्षण के दौरान कैफे में गंभीर खामियां मिली थीं। खाद्य तैयारी और भंडारण क्षेत्र में बिल्लियां, चूहों की बीट, जीवित मक्खियां और मरे हुए तिलचट्टे पाए गए थे। इसके अलावा रेफ्रिजरेटर में बड़ी मात्रा में खून जमा हुआ था।
इसके अलावा प्रोसेसिंग सेक्शन में एक खुला सीवर मैनहोल पाया गया था और अन्य गंभीर दोष भी पाए गए, जैसे फर्श पर रखा खाना, अखबार से ढका कच्चा आटा, कर्मचारियों द्वारा आवश्यक स्वच्छता न बनाए रखना।
पीपीई का उपयोग न करना
इन गंभीर खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी दोषों को उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए तत्काल जोखिम मानते हुए, खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32(3) के तहत एफएसएसएआई लाइसेंस संख्या 11517001000318 को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
कैफे को खाद्य उत्पादों की खरीद, निर्माण, प्रसंस्करण, भंडारण, बिक्री और वितरण तुरंत बंद करने का निर्देश भी दिया गया है। आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए मामले की निगरानी की जा रही है।
वाकई ये मामला काफी गंभीर है क्योंकि लोग पुराने कैफेज में इसलिए जाते हैं क्योंकि उन्हें ये भरोसा होता है कि यहां मिल रहीं खाने-पीने की चीजें साफ होंगी और उन्हें तैयार करने में किसी तरह की लापरवाही नहीं की जाएगी। लेकिन इस कैफे में जिस तरह की गंभीर खामियां मिली हैं, उसने लोगों को ये सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या वाकई बाहर का फूड खाना सेफ है और इसे खाकर आप बीमार नहीं पड़ेंगे?
बता दें कि इससे पहले खबर सामने आई थी कि मुंबई के मलाड में स्थित Blinkit के गोदाम पर FDA की कार्रवाई हुई और फूड लाइसेंस निलंबित किया गया।
ये भी पढ़ें-
महाराष्ट्र के सरकारी दफ्तरों में बदलेगा खाने का मेन्यू, नाश्ते से लेकर लंच तक मिलेगा हेल्दी फूड