1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबईवासियों के लिए खुशखबरी, शहर में पानी सप्लाई करने वाली 7 झीलों में जल भंडार में तेज बढ़ोतरी, कितना पहुंचा?

मुंबईवासियों के लिए खुशखबरी, शहर में पानी सप्लाई करने वाली 7 झीलों में जल भंडार में तेज बढ़ोतरी, कितना पहुंचा?

 Reported By: Sachin Chaudhary Written By: Subhash Kumar
 Published : Jul 23, 2026 11:41 am IST,  Updated : Jul 23, 2026 12:36 pm IST

मुंबईवासियों के लिए खुशखबरी सामने आई है। शहर में पानी सप्लाई करने वाली 7 झीलों में जल भंडार में तेज बढ़ोतरी देखी जा रही है। बीएमसी के मुताबिक, मोडक सागर झील ओवकफ्लो हो रही है।

mumbai lakes water level risen- India TV Hindi
मुंबई की झीलों में जलस्तर बढ़ा। (सांकेतिक फोटो) Image Source : PTI

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रहने वाले लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के बीच मुंबई को पानी सप्लाई करने वाले सातों जलाशयों में जल भंडार तेजी से बढ़ा है। बुधवार 22 जुलाई सुबह 6 बजे से गुरुवार 23 जुलाई सुबह 6 बजे तक हुई बारिश के बाद सातों झीलों में कुल जल भंडार 69.74 प्रतिशत तक पहुंच गया है। आपको बता दें कि पिछले 24 घंटों में जलाशयों के जलस्तर में 7.84 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मोडक सागर झील ओवरफ्लो

इस बीच बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी BMC ने जानकारी दी है कि मुंबई को पेयजल उपलब्ध कराने वाली मोडक सागर झील गुरुवार तड़के करीब 2:07 बजे ओवरफ्लो होने लगी। इस मानसून में ओवरफ्लो होने वाली यह चौथी झील है। इससे पहले विहार, तुलसी और तानसा झीलें भी भरकर ओवरफ्लो हो चुकी हैं। मोडक सागर झील की अधिकतम जल भंडारण क्षमता 1,28,925 मिलियन लीटर (करीब 12,892.5 करोड़ लीटर) है।

पेयजल भंडार को लेकर राहत की स्थिति

बीएमसी की ओर से गुरुवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, लगातार हो रही बारिश से जलाशयों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे आने वाले समय में मुंबई के पेयजल भंडार को लेकर राहत की स्थिति बनती दिख रही है। इससे पहले 20 जुलाई 2026 की सुबह तक मुंबई के सातों जलाशयों में कुल जल भंडारण 54.05 प्रतिशत तक पहुंच गया था। अब ये आंकड़ा 69.74 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

तानसा झील भी ओवरफ्लो

इससे पहले बुधवार को मुंबई की तानसा झील भी ओवरफ्लो हो गई थी। बीएमसी ने बताया था कि पूरे ग्रेटर मुंबई इलाके को पानी सप्लाई करने वाली अहम झीलों में से एक, तानसा झील, सुबह करीब 8:51 बजे ओवरफ्लो होने लगी। तानसा बांध के गेट खोल दिए गए हैं। तानसा झील की पानी जमा करने की अधिकतम क्षमता 14,508 करोड़ लीटर है।

ग्रेटर मुंबई क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी

BMC ने जानकारी दी है कि IMD ने 23 जुलाई, 2026 को ग्रेटर मुंबई क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश (ऑरेंज अलर्ट) की चेतावनी जारी की है। इसे ध्यान में रखते हुए, नागरिकों को सतर्क रहना चाहिए। साथ ही, बृहन्मुंबई नगर निगम और मुंबई पुलिस द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। BMC ने कहा है कि लोग आपातकालीन स्थिति में, मदद के लिए तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क करें।

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र के 4 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 100 MM गिर सकता है पानी

वसई में पुल गिरने से दो वाहन पुल में फंसे, कई गांवों का संपर्क मार्ग बंद

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।