1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र सरकार कंगना रनौत मामले में उलझी, राज्य में कोरोना वायरस के मामले 9,67,349 तक पहुंचे

महाराष्ट्र सरकार कंगना रनौत मामले में उलझी, राज्य में कोरोना वायरस के मामले 9,67,349 तक पहुंचे

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 09, 2020 11:07 pm IST,  Updated : Sep 09, 2020 11:11 pm IST

महाराष्ट्र सरकार जहां एक तरफ कंगना रनौत मामले में उलझी है। वहीं राज्य में दूसरी तरफ कोरोना का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। महाराष्ट्र में आज 23,816 नए कोविड-19 मामले सामने आए है।

Maharashtra government busy in Kangana Ranaut case, Coronavirus cases reached 967349 in state - India TV Hindi
Maharashtra government busy in Kangana Ranaut case, Coronavirus cases reached 967349 in state  Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्ट्र सरकार जहां एक तरफ कंगना रनौत मामले में उलझी है। वहीं राज्य में दूसरी तरफ कोरोना का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। महाराष्ट्र में आज 23,816 नए कोविड-19 मामले सामने आए है। वहीं 13,906 लोगों को डिस्चार्ज किया गया और 325 मौतें दर्ज की गई है। राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 9,67,349 हो गई, जिसमें 6,86,462 रिकवरी और 2,52,734 सक्रिय मामले शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग, महाराष्ट्र ने इसकी जानकारी दी। वहीं मुंबई में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,227 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 1,60,744 हो गई है। 44 और रोगियों की मौत के बाद मृतकों की तादाद 7,982 तक पहुंच गई है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बुधवार को अभिनेत्री कंगना रनौत के बांद्रा स्थित बंगले का अवैध हिस्सा ध्वस्त कर दिया। इसके बाद हिमाचल प्रदेश से यहां पहुंचने पर वह सिलसिलेवार ट्वीट और वीडियो के जरिये शिवसेना तथा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर जमकर बरसीं। उन्होंने अपने बंगले को ‘‘राम मंदिर’’ और खुद को छत्रपति शिवाजी की बेटी बताया। 

केन्द्र सरकार की ओर से हाल ही में वाई-प्लस श्रेणी की सुरक्षा पाने वाली अभिनेत्री को मुंबई हवाई अड्डे के बाहर प्रदर्शन कर रहे शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए और नारेबाजी की। वहीं हवाईअड्डे पर मौजूद आरपीआई (ए) और करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने कंगना का समर्थन किया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को संबोधित करते हुए कंगना ने एक वीडियो संदेश पोस्ट किया है। 

उसमें अभिनेत्री ने कहा है, ‘‘उद्धव ठाकरे, तुझे क्या लगता है कि तूने फिल्म माफिया के साथ मिलके मेरा घर तोड़ के मुझसे बहुत बड़ा बदला लिया है आज मेरा घर टूटा है कल तेरा घमंड टूटेगा, यह वक्त का पहिया है, याद रखना हमेशा एक जैसा नहीं रहता।’’ अभिनेत्री ने कहा, ‘‘मुझे पता तो था कि कश्मीर पंडितों पर क्या बीती है, आज मैंने महसूस किया है और आज मैं इस देश को वचन देती हूं कि मैं सिर्फ अयोध्या पर ही नहीं, कश्मीर पर भी एक फिल्म बनाउंगी और अपने देशवासियों को जगाउंगी क्योंकि मुझे पता था कि यह हमारे साथ होगा तो होगा, लेकिन मेरे साथ हुआ इसका कोई मतलब है कि इसके कोई मायने हैं। ’’ 

उन्होंने वीडियो में कहा, ‘‘उद्धव ठाकरे ये जो क्रूरता, ये जो आतंक है, अच्छा हुआ मेरे साथ हुआ क्योंकि इसके कुछ मायने हैं।’’ शिवसेना नीत बीएमसी द्वारा उनके बांद्रा स्थित बंगले के ‘‘अवैध निर्माण’’ को गिराए जाने के बाद, अपने विवादित बयानों के लिए प्रसिद्ध कंगना ने एक बार फिर से मुंबई की तुलना पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से की। कंगना ने एक वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री ठाकरे को ‘आप’ की जगह ‘तू’ कहकर संबोधित किया। 

इससे पहले दिन में सिलसिलेवार पोस्ट में कंगना ने कहा कि उनके घर में कोई अवैध निर्माण नहीं है। उन्होंने ट्वीट किया, कोविड-19 के दौरान सरकार ने 30 सितंबर तक निर्माण कार्य ध्वस्त करने पर प्रतिबंध लगा रखा है, बुलीवुड (धौंस देने वाली दुनिया) अब देखो कि फासीवाद कैसा दिखता है। लोकतंत्र खत्म हो गया।’’ 

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा, ‘‘मैं कभी गलत नहीं होती और मेरे दुश्मनों ने फिर से साबित कर दिया है कि मेरी मुंबई अब पीओके क्यों है।’’ कंगना ने बांद्रा स्थित अपने बंगले में अवैध निर्माण ध्वस्त किये जाने के बाद एक बार फिर ‘‘पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर’’ (पीओके) से मुंबई की तुलना की। गौरतलब है कि मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र के बारे में कंगना के एक हालिया बयान से विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने दावा किया था कि वह मुंबई में असुक्षित महसूस करती हैं। इसके बाद शिवसेना के नेता संजय राउत ने उनसे मुंबई वापस नहीं आने को कहा था। राउत के इस बयान के बाद अभिनेत्री ने मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से की थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।