1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पुणे में 20 दिनों से आतंक फैलाने वाल नरभक्षी तेंदुआ ढेर, जानें वन विभाग का ऑपरेशन कैसे हुआ सफल

पुणे में 20 दिनों से आतंक फैलाने वाल नरभक्षी तेंदुआ ढेर, जानें वन विभाग का ऑपरेशन कैसे हुआ सफल

 Reported By: Sachin Chaudhary, Edited By: India TV News Desk
 Published : Nov 05, 2025 02:12 pm IST,  Updated : Nov 05, 2025 02:12 pm IST

महाराष्ट्र के पुणे में करीब 20 दिनों से आतंक मचाने वाले और कई लोगों की जान लेने वाले नरभक्षी तेंदुए को ढेर कर दिया गया है। वन विभाग का ऑपरेशन सफल हो गया है।

Maharashtra pune leopard killed- India TV Hindi
पुणे में नरभक्षी तेंदुआ ढेर। Image Source : REPORTER

महाराष्ट्र के पुणे जिले के शिरूर तालुका के पिंपरखेड और आसपास के क्षेत्रों में पिछले 20 दिनों से लोगों पर हमला कर आतंक फैलाने वाले नरभक्षी तेंदुए को आखिरकार वन विभाग की टीम ने मार गिराया। इस अभियान के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। 12 अक्टूबर 2025 को 6 वर्षीय शिवन्या बोंबे, 22 अक्टूबर को 70 वर्षीय भागुबाई जाधव, और 2 नवंबर को 13 वर्षीय रोहन बोंबे- इन तीनों की मौत तेंदुए के हमले में हुई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल था।

नागरिकों ने किया था आंदोलन

तेंदुए के हमलों के विरोध में 12 और 22 अक्टूबर को पंचतळे में बेल्हे–जेजुरी राज्य मार्ग और 3 नवंबर को मंचर में पुणे–नाशिक महामार्ग पर नागरिकों ने ठिय्या आंदोलन कर करीब 18 घंटे तक मार्ग रोके रखा था। गुस्साए लोगों ने वन विभाग की गश्ती गाड़ी और स्थानीय बेस कैंप की इमारत में आग भी लगा दी थी।

तेंदुए को मार गिराने का आदेश जारी हुआ था

स्थिति गंभीर होते देख वनसंरक्षक पुणे आशिष ठाकरे ने प्रधान मुख्य वनसंरक्षक नागपुर से अनुमति लेकर तेंदुए को पकड़ने या मार गिराने का आदेश जारी किया। इस विशेष अभियान के लिए पुणे की रेस्क्यू संस्था से डॉ. सात्विक पाठक (पशु वैद्यकीय विभाग), शार्प शूटर डॉ. प्रसाद दाभोळकर और जुबिन पोस्टवाला की नियुक्ति की गई।

कैसे मारा गया तेंदुआ?

पथक ने कैमरा ट्रॅप, पदचिह्न निरीक्षण और थर्मल ड्रोन की मदद से खोज अभियान चलाया। रात करीब 10:30 बजे तेंदुआ घटना स्थल से लगभग 400–500 मीटर दूर दिखाई दिया। पहले उसे बेहोश करने के लिए डार्ट मारा गया, लेकिन नाकाम रहने पर तेंदुए ने हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद शार्प शूटर ने गोली चलाकर उसे मार गिराया। प्रारंभिक जांच में यह लगभग 5 से 6 वर्ष का नर तेंदुआ बताया गया है। बाद में उसका शव ग्रामीणों को दिखाया गया और फिर माणिकडोह तेंदुआ बचाव केंद्र में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

ये भी पढ़ें- मुंबई में पटरी से उतरी मोनोरेल, हवा में उठ गया पहला डिब्बा; देखें वीडियो

एक हाथ से स्कूटी चलाता, दूसरे से सांप को बार-बार कर रहा Kiss; युवक की खतरनाक हरकत का VIDEO वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।