1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. कौन होगा मुंबई BMC का मेयर? रेस में ये 6 महिला पार्षद, यहां देखें पूरी लिस्ट

कौन होगा मुंबई BMC का मेयर? रेस में ये 6 महिला पार्षद, यहां देखें पूरी लिस्ट

 Reported By: Dinesh Mourya Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jan 23, 2026 11:28 am IST,  Updated : Jan 23, 2026 01:40 pm IST

बृहन्मुंबई नगर निगम यानी BMC के चुनाव में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की जीत हुई है। अब सभी की निगाहें BMC के मेयर के चुनाव पर टिकी हुई हैं। आइए जानते हैं कि इस रेस में कौन से नाम आगे चल रहे हैं।

mumbai bmc mayor election- India TV Hindi
मुंबई में मेयर पद की रेस जारी। Image Source : PTI

महाराष्ट्र में सभी 29 महानगरपालिकाओं में चुनाव संपन्न हो चुके हैं और उनके परिणाम भी सामने आ गए हैं। इस चुनाव में भाजपा और शिवसेना ने शानदार प्रदर्शन किया और विपक्षी दलों को पीछे छोड़ दिया। राज्य की सबसे अहम बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) में भी भाजपा और शिवसेना के गठबंधन ने जीत हासिल कर ली है। अब गुरुवार को मुंबई सहित सभी 29 महानगरपालिका के मेयर पद के लिए लॉटरी निकलने की प्रक्रिया आयोजित की गई। इस लॉटरी में फैसला हुआ कि मुंबई में ओपन कैटगरी की महिला मेयर होगी। ऐसे में आइए जानते हैं कि मुंबई में मेयर की रेस में कौन सी नेता सबसे आगे हैं।

कौन हैं मेयर की रेस में?

मुंबई मेयर पद की रेस में बीजेपी की इन 6 महिला पार्षदों का नाम सबसे आगे चल रहा है-:

  • राजश्री शिरवडकर - सायन (3 बार की पार्षद) 
  • अल्का केरकर - बांद्रा पश्चिम  ( 3 बार की पार्षद) 
  • हर्षिता नार्वेकर - फोर्ट  ( 2 बार की पार्षद) 
  • प्रीति सीटम - गोरेगांव  ( 2 बार की पार्षद) 
  • योगिता कोली - मालाड  ( 2 बार की पार्षद) 
  • रितू तावडे - घाटकोपर  ( 2 बार की पार्षद) 

आपको बता दें कि घाटकोपर  की पार्षद रितू तावडे ने 2012 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा को जॉइन किया था। ऐसे में उनके नाम पर अंदरुनी विरोध हो सकता है।

कब होगा मेयर का चुनाव?

भाजपा और शिवसेना के गठबंधन ने बीएमसी में स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। इसके साथ ही उन्होंने बीएमसी से ठाकरे परिवार के तीन दशक पुराने वर्चस्व को समाप्त कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, सीएम फडणवीस के दावोस दौरे से लौटने के बाद मेयर पद पर फैसला लिया जाएगा।

BMC में नंबर गेम

मुंबई बीएमसी के लिए चुनाव का आयोजन 15 जनवरी को कराए गए थे। इसके परिणाम 16 जनवरी को सामने आए। 227 सीटों वाली बीएमसी के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 89 सीटें जीतीं और इसकी सहयोगी शिवसेना को 29 सीटें मिलीं। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) को 65 सीटें और उसकी सहयोगी मनसे को 6 सीटें मिलीं। कांग्रेस को 24 सीटें, AIMIM को 8 सीटें, समाजवादी पार्टी को 2 सीटें और NCP (शरदचंद्र पवार) को एक सीट मिली।

ये भी पढ़ें- मुंबई BMC में सामान्य कैटेगरी की महिला होगी मेयर, उद्धव गुट ने लॉटरी प्रक्रिया का किया बहिष्कार

शिवसेना UBT की गायब नगर सेविका वापस लौटीं, कहा- 'दर्शन के लिए मंदिर गई थी, पार्टी के कहने पर फोन बंद किया था'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।