महाराष्ट्र के नागपुर जिले में मारपीट का एक हैरान कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में बीयर बार में हंगामा होते हुए दिखई दे रहा है। लोग एक दूसरे के साथ जमकर मारपीट कर रहे हैं। दरअसल, ये वीडियो नागपुर के हुडकेश्वर में एक बीयर बार से सामने आया है। जानकारी के अनुसार, बार में लोगों के बीच उल्टी साफ करने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद वहां पर लोगों के बीच जमकर लात घूंसे चले। ये पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई जिसके बाद वीडियो वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
सामने आई जानकारी के मुताबिक, नागपुर के हुडकेश्वर इलाके में स्थित एस के बीयर बार में उस वक्त हंगामा मच गया जब शराब पीने आए कुछ युवकों और बार कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार, कुछ लोग बार बंद होने के बाद में बार के अंदर शराब पीने की जिद कर रहे थे। तभी एक ग्राहक ने शराब के नशे में बार के अंदर उल्टी कर दी।
लड़ाई क्यों हुई?
बार के अंदर उल्टी के बाद एक कर्मचारी ने सवाल उठाया कि आखिर इस गंदगी को साफ कौन करेगा? इस बात पर ग्राहक ने कहा कि वे सफाई के लिए पैसे दे देंगे। लेकिन इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि बार के अंदर जमकर तोड़फोड़ की गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
नागपुर के हुडकेश्वर में बीयर बार के भीतर हुई इस झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद बार के कर्मचारियों ने नागपुर के हुडकेश्वर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- अमरावती अश्लील वीडियो कांड: अब तक आठ आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने जब्त किया लैपटॉप और टैब