1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Maharashtra News: शिवसेना नेता केदार दीघे के दोस्त के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी, दुष्कर्म के हैं आरोप

Maharashtra News: शिवसेना नेता केदार दीघे के दोस्त के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी, दुष्कर्म के हैं आरोप

 Published : Aug 03, 2022 11:03 pm IST,  Updated : Aug 03, 2022 11:40 pm IST

Maharashtra News: 23 वर्षीय एक महिला ने कपूर पर परेल इलाके के एक पंच सितारा होटल में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। उसकी शिकायत पर मंगलवार को मुंबई के एन.एम.जोशी पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई।

Representational Police- India TV Hindi
Representational Police Image Source : REPRESENTATIONAL POLICE

Highlights

  • पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी किया
  • एन.एम.जोशी पुलिस थाने में FIR दर्ज
  • 28 जुलाई को किया था दुष्कर्म

Maharashtra News: पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद दिल्ली के कारोबारी रोहित कपूर के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कपूर के ‘मित्र’ और शिवसेना नेता केदार दीघे को भी जांच के लिए बुलाया जा सकता है।

ठाणे जिले के पार्टी अध्यक्ष दीघे को नामित किया

दिघे पर शिकायतकर्ता महिला को धमकाने का आरोप है। उल्लेखनीय है कि शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने सोमवार को ठाणे जिले की पार्टी इकाई के अध्यक्ष के तौर पर दीघे को नामित किया था। पार्टी ने ठाणे जिले की शिवसेना इकाई के अध्यक्ष रहे नरेश महास्के को बागी नेता और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के प्रति निष्ठा व्यक्त करने पर निष्कासित कर दिया था। 

एन.एम.जोशी पुलिस थाने में FIR दर्ज

गौरतलब है कि 23 वर्षीय एक महिला ने कपूर पर परेल इलाके के एक पंच सितारा होटल में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। उसकी शिकायत पर मंगलवार को मुंबई के एन.एम.जोशी पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई। दीघे के खिलाफ भी आपराधिक धमकी देने के मामले में FIR दर्ज की गई है। महिला के मुताबिक कपूर के ‘दोस्त’ दीघे ने घटना को सार्वजनिक करने की धमकी दी थी। 

एयरपोर्ट पर लुकआउट नोटिस जारी किया

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने कपूर के खिलाफ एयरपोर्ट पर लुकआउट नोटिस जारी किया है ताकि वह देश छोड़कर बाहर नहीं जा सके। हम सबूत एकत्र करने के लिए होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की तस्वीरें भी खंगाल रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि अबतक दीघे को कोई नोटिस या समन नहीं भेजा गया है, लेकिन संभव है कि उन्हें जांच के लिए बुलाया जाए। अधिकारी ने बताया कि पुलिस महिला के मोबाइल फोन का कॉल डिटेल रिकॉर्ड(सीडीआर) निकालेगी ताकि पता लगाया जा सके कि कथित घटना के बाद दीघे ने उसे फोन किया था या नहीं। 

28 जुलाई को किया दुष्कर्म

पुलिस ने बताया कि महिला होटल में ‘क्लब एंबेस्डर’ के तौर पर काम करती थी और शिकायत के मुताबिक कपूर ने 28 जुलाई को उसे अपने कमरे में बुलाया और कहा कि वह क्लब की सदस्यता लेने का इच्छुक है और दुष्कर्म किया। महिला ने आरोप लगाया कि सोमवार को वह कपूर से दोबारा मिली और उसने (कपूर) मुंह बंद रखने के लिए पैसे लेने की पेशकश की जिसे महिला ने लेने से इंकार कर दिया। महिला ने दावा किया कि इसके बाद शिवसेना नेता केदार दीघे ने उसे फोन किया और धमकी दी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।