पालघर: महाराष्ट्र के पालघर से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां पुलिस से डरकर भाग रहे 3 युवक रेलवे ट्रैक पार करते समय एक मालगाड़ी की चपेट में आ गए। इस घटना में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना पालघर पूर्व में पुराने पालघर के जैन मंदिर के पास की बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान स्वप्निल शैलेश पालांडे (23), कुणाल कुमार दुबला (23) और अफरोज खलील शेख (28) के रूप में हुई है। तीनों पालघर पूर्व के वीरेंद्र नगर इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मृतकों के परिजनों ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हादसे से पहले कुछ पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे थे और युवकों के साथ मारपीट की थी। परिजनों के मुताबिक, पुलिस के डर से युवक वहां से भागने लगे और इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आ गए, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
नवंबर 2025 में मुंबई के सैंडहर्स्ट रोड रेलवे स्टेशन पर भी बड़ा हादसा हुआ था। इस दौरान ट्रेन से कटकर 2 यात्रियों की मौत हो गई थी। मिली जानकारी के मुताबिक, घटना तब हुई, जब 3 महिलाएं और एक पुरुष गलत दिशा से उतरकर पटरी पर आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गए।
इस घटना में एक पुरुष यात्री की मौत हुई थी और एक युवती की मौत हुई थी।
गौरतलब है कि रेलवे ट्रैक पर अक्सर इस तरह के हादसे होते हैं और इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह लोगों द्वारा रेल नियमों का पालन नहीं करना है। कई बार ये भी पाया गया कि लोग रील बनाने, कानों में हेडफोन लगाकर गाना सुनने और रेलवे ट्रैक पर शौच करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आए और जान गंवाई।
संपादक की पसंद