महाराष्ट्र की राजनीति लगातार पूरे देश में चर्चा का विषय बनी रहती है। हाल के दिनों में राज्य में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने और उनके चचेरे भाई एवं शिवसेना (UBT) के नेता उद्धव ठाकरे के साथ आने की चर्चा जोरों पर हैं। माना जा रहा है कि राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे की पार्टी एक साथ मिलकर आगामी निकाय चुनाव लड़ सकती है। हालांकि, निकाय चुनाव से पहले ही राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने 'दि बेस्ट एम्पलॉइज को-ऑप. क्रेडिट सोसायटी' चुनाव के लिए हाथ मिलाया है। इस चुनाव को उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की ताकत की पहली परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है जहां उनका मुकाबला भाजपा और शिवसेना से होगा।
BEST चुनाव कब होगा, ये क्यों है खास?
दि BEST एम्पलॉइज को-ऑप. क्रेडिट सोसायटी (BEST) के चुनाव में उद्धव-राज ठाकरे बनाम बीजेपी और शिंदे सेना का मुकाबला आगामी 18 अगस्त को होने जा रहा है। जल्द ही आयोजित होने वाले चुनाव को काफी दिलचस्प माना जा रहा है। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) क्रेडिट सोसायटी चुनाव, बेस्ट उपक्रम के कर्मचारियों की सहकारी ऋण समिति का वार्षिक चुनाव है। आपको बता दें कि इस चुनाव में सिर्फ इस सोसायटी के सदस्य कर्मचारी ही मतदान करते हैं। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) क्रेडिट सोसायटी एक सहकारी संस्था है जो कर्मचारियों ऋण, सेविंग्स और अन्य आर्थिक सुविधाएं प्रदान करती हैं। आगामी चुनाव ये तय करेगा कि सोसायटी और इसमें होने वाले वित्तिय फैसलों की कमान किस पैनल के पास होगी।
ठाकरे ब्रदर्स की क्या है तैयारी?
BEST चुनाव के लिए उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने हाथ मिलाया है और ‘उत्कर्ष पैनल’ का गठन किया है। इस पैनल में 21 सदस्य हैं। इनमें से शिवसेना यूबीटी के 18 सदस्य शामिल हैं और राज ठाकरे की मनसे के दो सदस्य शामिल हैं। इसके अलावा एक सदस्य अनुसूचित जाति-जनजाति संघ से है।
महायुति ने क्या तैयारी की?
उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे को चुनौती देने के लिए भाजपा और शिवसेना ने भी पैनल का गठन किया है। इस पैनल में भाजपा के एमएलसी प्रवीण दरेकर, प्रसाद लाड, नितेश राणे और शिंदे सेना के किरण पावस्कर शामिल हैं। प्रवीण दरेकर और प्रसाद लाड की श्रमिक उत्कर्ष सभा, नितेश राणे का समर्थ बेस्ट कामगार संगठन और किरण पावस्कर की राष्ट्रीय कर्मचारी सेना शामिल हैं। ये सभी मिलकर ठाकरे ब्रदर्स को चुनौती देंगे।
ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र में 'लाडकी बहिन योजना' के एक साल पूरे, क्या बंद हो जाएगी स्कीम, जानें क्या बोले डिप्टी सीएम शिंदे?
'जितनी अच्छी बातें हैं उन्हें बांटना चाहिए', नागपुर में बोले RSS प्रमुख मोहन भागवत