धाराशिव: महाराष्ट्र के धाराशिव में कॉलेज इवेंट के दौरान भाषण देते हुए अचानक एक लड़की को हार्ट अटैक आ गया और उसकी मौत हो गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना महाराष्ट्र के धाराशिव के परंडा तालुका की है।
Related Stories
क्या है मामला?
एक कॉलेज इवेंट के दौरान भाषण देते हुए 20 वर्षीय लड़की की हार्ट अटैक की वजह से मृत्यु हो गई। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें लड़की हंसते हुए भाषण देते हुए नजर आ रही है और अचानक जमीन पर गिर जाती है। इसके बाद उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर द्वारा लड़की को मृत घोषित कर दिया गया। घटना शिक्षण महर्षि गुरुवर्य आरजी शिंदे महाविद्यालय की है। मृत लड़की का नाम वर्षा खरात है।
चलती बस के ड्राइवर को अचानक हार्ट अटैक आ गया, हुई मौत
आज ही ये खबर सामने आई थी कि मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में एक चलती बस के ड्राइवर को अचानक हार्ट अटैक आ गया। हार्ट अटैक से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बाइक और ईंटों के ढेर से टकरा गई। यह हादसा शनिवार दोपहर को जिले के कानड़ इलाके में हुआ। गनीमत रही कि बस में सवार यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने तुरंत चालक को कानड़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले का वीडियो भी सामने आया है।
दरअसल, आगर मालवा जिले के कानड़ में निजी यात्री बस मालवा ट्रेवल्स बड़ोद से शुजालपुर जा रही थी। ये हमेशा कि तरह कानड़ बस स्टेंड से निकलकर नलखेड़ा जोड़ चौराहे के पास पहुंची थी। तभी बस चला रहे ड्राइवर रईस खा निवासी आगर मालवा को अचानक से हार्ट अटैक आ गया। अन्य यात्री कुछ समझ पाते उससे पहले ही बस अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बस रोड के किनारे लगी होर्डिंग और बाइक से टकराई और फिर ईंट के ढेर से लगकर रुक गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।