जलगांव: जिले के चोपड़ा इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आ रही है। यहां अक्कुलखेड़ा गांव में लव अफेयर के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक शादीशुदा महिला की उसके कथित प्रेमी ने घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। बाद में आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली और आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि दोनों की एक-दूसरे से पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
घर में घुसकर मारी गोली
दरअसल, चोपड़ा तहसील के अक्कुलखेड़ा गांव की 40 वर्षीय अनिता अपने पति और दो बच्चों के साथ रह रही थी। आज सुबह करीब 10:30 बजे जब उसकी बेटी स्कूल से घर लौटी और दरवाजा खोला, तो घर के अंदर मां और एक युवक खून से लथपथ मृत अवस्था में मिले। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शिरपुर तहसील के रहने वाले भीमा उर्फ देवा धनगर नामक युवक ने कथित तौर पर अनिता के घर में घुसकर देसी कट्टे से उसके सिर में गोली मार दी। इसके बाद युवक ने खुद की कनपटी पर गोली चलाकर आत्महत्या कर ली।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सब-डिविजनल ऑफिसर अन्नासाहेब घोलप, पुलिस इंस्पेक्टर मधुकर साल्वे सहित पुलिस दल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल भेज दिया गया है। प्राथमिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरी सच्चाई विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगी। पुलिस सब-डिविजनल ऑफिसर अन्नासाहेब घोलप ने घटना की जानकारी देते हुए कहा, “प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि शिरपुर तहसील के एक युवक ने महिला को गोली मारने के बाद स्वयं को भी गोली मार ली है। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आ रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।” (इनपुट- नरेंद्र कदम)
यह भी पढ़ें-
दर्दनाक हादसा! पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाके से 20 की मौत, कई लोग घायल