1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. सड़क पर जिंदा मूर्ति बन गया युवक! मीरा भाईंदर में 'जॉम्बी ड्रग' की दस्तक, डरावने VIDEO ने मचाया तहलका

सड़क पर जिंदा मूर्ति बन गया युवक! मीरा भाईंदर में 'जॉम्बी ड्रग' की दस्तक, डरावने VIDEO ने मचाया तहलका

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Apr 16, 2026 08:21 am IST,  Updated : Apr 16, 2026 08:21 am IST

'जॉम्बी ड्रग' का नाम सुनते ही कई लोगों के मन में डर बैठ जाता है, हाल के दिनों में इस शब्द ने लोगों को काफी परेशान और चिंतित कर दिया है। बेंगलुरु और चंडीगढ़ के बाद अब महाराष्ट्र में भी इस खतरनाक नशीले पदार्थ की एंट्री होने की चर्चा तेज हो गई है।

सड़क पर घंटों तक इसी...- India TV Hindi
सड़क पर घंटों तक इसी हालत में खड़ा रहा युवक। Image Source : REPORTER INPUT

मुंबई के पास स्थित मीरा भाईंदर के 90 फीट रोड इलाके में एक युवक घंटों तक एक ही स्थिति में बिना हिले-डुले खड़ा दिखाई दे रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद बेंगलुरु और चंडीगढ़ के बाद अब महाराष्ट्र में भी खतरनाक नशीले पदार्थ “जॉम्बी ड्रग” की एंट्री होने की चर्चा तेज हो गई है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे विभिन्न वीडियो के कारण पिछले कुछ समय से “जॉम्बी ड्रग” चर्चा का विषय बना हुआ है। बेंगलुरु और चंडीगढ़ शहरों में इस ड्रग के प्रभाव में दिख रहे दो युवकों के वीडियो वायरल होने के बाद अब ऐसा ही एक वीडियो मीरा भाईंदर शहर से भी सामने आया है। इससे देश के अन्य राज्यों की तरह यहां भी इस नशीले पदार्थ की तस्करी शुरू होने की आशंका जताई जा रही है।

वायरल वीडियो ने बढ़ाई चिंता

मीरा भाईंदर शहर में पहले भी नशीले पदार्थों की तस्करी और उससे जुड़े कई मामले सामने आते रहे हैं। देश के विभिन्न राज्यों से शहर में किस तरह ड्रग्स की सप्लाई होती है और कैसे अवैध निर्माण तस्करों के लिए ठिकाना बनते हैं, इसका खुलासा पुलिस की कार्रवाई में पिछले एक साल में कई बार हो चुका है।

हालांकि, हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के कारण एक नए नशीले पदार्थ की चर्चा जोर पकड़ रही है, जिसे “जॉम्बी ड्रग” कहा जा रहा है। कुछ दिन पहले बेंगलुरु, चंडीगढ़ और बिहार से ऐसे वीडियो सामने आए थे, जिनमें युवक भीड़भाड़ वाली जगहों या सड़कों पर अचानक एक ही जगह पर घंटों तक स्थिर खड़े दिखाई दिए थे। कुछ महीने पहले अमेरिका में भी इस तरह के वीडियो सामने आए थे।

सड़क पर अजीब हरकतें करता दिखा युवक

इन वीडियो में दावा किया गया कि ये लोग “जॉम्बी ड्रग” के प्रभाव में हैं। भारत के अलग-अलग राज्यों से वायरल हो रहे वीडियो में एक जैसा पैटर्न दिखाई देने के कारण नेटिजन्स ने यह दावा किया है कि देश में भी इस ड्रग का इस्तेमाल शुरू हो गया है। भाईंदर के 90 फीट रोड इलाके से भी ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में एक युवक झुककर सड़क की ओर एकटक देखते हुए नजर आ रहा है। बिना कोई हरकत किए वह काफी देर तक वहीं खड़ा रहता है, ऐसा दावा वीडियो में किया गया है। इससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि अन्य शहरों के बाद अब मीरा भाईंदर में भी “जॉम्बी ड्रग” का इस्तेमाल शुरू हो गया है।

देखें वीडियो-

जॉम्बी ड्रग क्या है?

जॉम्बी ड्रग को वैज्ञानिक भाषा में “ज़ायलाज़ीन” कहा जाता है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से जानवरों, खासकर घोड़ों और बड़े पशुओं को बेहोश करने (एनेस्थीसिया) के लिए किया जाता है। यह दवा इंसानों के उपयोग के लिए नहीं है। वायरल वीडियो में इसे “जॉम्बी ड्रग” इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि इसके सेवन के बाद व्यक्ति की गतिविधियां बेहद धीमी हो जाती हैं। वह घंटों तक एक ही जगह पर मूर्ति की तरह खड़ा रह सकता है और उसकी हालत किसी जिंदा लाश जैसी दिखाई देती है।

अलर्ट हुई पुलिस, जांच शुरू

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। डिप्टी पुलिस कमिश्नर राहुल चव्हाण ने कहा, हर पुलिस स्टेशन की एक NDPS सेल है और इस पूरे प्रकरण को लेकर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। 2025 में सबसे ज्यादा NCPS एक्ट के तहत कार्रवाई मीरा भाईंदर पुलिस ने की। इसके आगे भी ऐसी कोई जानकारी मिलने पर कार्रवाई होगी। कंज्यूम करने वाले और बेचने वाले दोनों के खिलाफ हम कार्रवाई कर रहे हैं।

(रिपोर्ट- हनिफ पटेल)

यह भी पढ़ें-

मुंबई के म्यूजिक इवेंट में ड्रग ओवरडोज़ से 2 की मौत, मामले में 6 लोग गिरफ्तार

केक काटते ही सुस्ती, पिज्जा खाते ही नशा: बर्थडे पार्टी में मेडिकल की छात्रा से दरिंदगी, आपबीती सुनाते रो पड़ी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।