1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र ड्रग इंस्पेक्टर पेपर लीक मामले में कैंडिडेट ऋतुजा पाटिल हिरासत में, शक से बचने के लिए गलत किए थे 10 सवाल

महाराष्ट्र ड्रग इंस्पेक्टर पेपर लीक मामले में कैंडिडेट ऋतुजा पाटिल हिरासत में, शक से बचने के लिए गलत किए थे 10 सवाल

 Reported By: Rajesh Kumar,  Saket Rai Written By: Khushbu Rawal
 Published : Sep 01, 2026 04:50 pm IST,  Updated : Sep 01, 2026 05:05 pm IST

महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग की ड्रग इंस्पेक्टर पद की परीक्षा का पेपर लीक मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कैंडिडेट और लाभार्थी ऋतुजा पाटिल को हिरासत में लिया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PEXELS

महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (MPSC) के ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा पेपर लीक मामले की मुख्य आरोपी ऋतुजा पाटिल को आज नंदुरबार से मुंबई क्राइम ब्रांच की प्रॉपर्टी सेल की टीम ने हिरासत में लिया है। ऋतुजा पाटिल MPSC ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा की अभ्यर्थी थी और उसने प्रोविजनल मेरिट लिस्ट में 7वीं रैंक हासिल की थी।

ऋतुजा को परीक्षा से 2 दिन पहले मिला था पेपर

जांच के मुताबिक ऋतुजा को परीक्षा से पहले कथित तौर पर लीक हुआ पेपर मिला था। उसे शक से बचने के लिए जानबूझकर 10 सवाल गलत करने की सलाह दी गई थी। ऋतुजा की हिरासत के साथ इस मामले में अब तक गिरफ्तार/हिरासत में लिए गए आरोपियों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया था, जहां से उन्हें 2 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया।

वहीं, आपको बता दें कि इस पेपर लीक मामले के गड़बड़झाले की एक अजब-गजब कहानी सामने आई है। बॉयफ्रेंड ने ब्रेकअप के बाद अपनी गर्लफ्रेंड और उसके पापा के लीक पेपर खरीदने की पोल खोल दी

22 मार्च को हुई थी परीक्षा

महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग MPSC की ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा 22 मार्च को हुई थी। दावा है कि इस परीक्षा के 78 सवाल 20 मार्च को ही व्हाट्सएप ग्रुप पर भेज दिए गए थे। पेपर लीक की पूरी कहानी सामने आने के बाद MPSC ने इस भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया था। साथ ही आरोपियों से पूछताछ कर पूरे रैकेट को खंगाला जा रहा है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि परीक्षा पास करने वाली मुख्य आरोपी ऋतुजा पाटिल ने पेपर खरीदने के लिए सबसे पहले अपने प्रेमी से पैसों की मांग की थी।

महाराष्ट्र MPSC ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती की पूरी टाइमलाइन 

29 जुलाई 2025 : MPSC ने फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर ग्रुप-B पदों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया।

22 मार्च 2026 : ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती की स्क्रीनिंग परीक्षा महाराष्ट्र के छह विभागीय मुख्यालयों में ऑफलाइन आयोजित की गई।

12 जून 2026 : स्क्रीनिंग परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। इसके बाद 506 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए योग्य घोषित किया गया।

1 से 22 जुलाई 2026 : योग्य उम्मीदवारों के इंटरव्यू आयोजित किए गए। इनमें 488 उम्मीदवार शामिल हुए।

21 जुलाई 2026 : MPSC को परीक्षा में कथित अनियमितता और पेपर लीक से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई।

22 से 26 जुलाई 2026 : आयोग को कुछ उम्मीदवारों और जनप्रतिनिधियों की ओर से शिकायतें मिलीं। आरोप था कि परीक्षा से दो दिन पहले, 20 मार्च को कुछ उम्मीदवारों को प्रश्नपत्र या उसके प्रश्न मिल गए थे और इन्हें सोशल मीडिया या अन्य डिजिटल माध्यमों से साझा किया गया।

22 जुलाई 2026 : इंटरव्यू प्रक्रिया के बाद 488 उम्मीदवारों की अस्थायी सामान्य मेरिट सूची जारी की गई। इसमें 485 उम्मीदवार ड्रग इंस्पेक्टर पद के लिए योग्य और तीन उम्मीदवार अयोग्य पाए गए।

27 जुलाई 2026 : शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए MPSC ने मुंबई पुलिस से मामले की जांच कराने का अनुरोध किया। इसी दौरान पेपर लीक के आरोपों को लेकर राजनीतिक विवाद भी तेज हुआ।

जुलाई के अंत में : मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मामले की प्राथमिक जांच की और अपनी रिपोर्ट MPSC को सौंपी। जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया कि एक उम्मीदवार को परीक्षा से पहले प्रश्नों का सेट मिला था और उसे इसका लाभ हुआ।

25 अगस्त 2026 : MPSC ने ड्रग इंस्पेक्टर ग्रुप-B की पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द करने की घोषणा की। आयोग ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने तथा उम्मीदवारों का भरोसा कायम रखने के लिए यह फैसला लिया गया है।

अब आगे क्या: MPSC ड्रग इंस्पेक्टर पदों के लिए दोबारा स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित करेगा। पहले आवेदन कर चुके उम्मीदवारों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी और उनसे कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। नई परीक्षा की तारीख बाद में घोषित की जाएगी।

यह भी पढ़ें-

महाराष्ट्र में Paper Leak के बाद रद्द की गई ड्रग इंस्पेक्टर की परीक्षा, रोहित पवार का दावा- 40 लाख रुपये में बिके पेपर 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।