1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. तरबूज से मौत का मामला बना रहस्य! हत्या, आत्महत्या या फूड प्वाइजनिंग अब तक नहीं हुआ साफ, अब नमक की होगी जांच

तरबूज से मौत का मामला बना रहस्य! हत्या, आत्महत्या या फूड प्वाइजनिंग अब तक नहीं हुआ साफ, अब नमक की होगी जांच

 Reported By: Rajesh Kumar, Edited By: Subhash Kumar
 Published : May 20, 2026 02:31 pm IST,  Updated : May 20, 2026 02:42 pm IST

मुंबई तरबूज से मौत का मामला रहस्य बन गया है। ये घटना हत्या है या आत्महत्या या फिर फूड प्वाइजनिंग, ये अब तक साफ नहीं हो पाया है। खबर है कि अब मृतकों के घर में इस्तेमाल हो रहे नमक की फॉरेंसिक जांच होगी।

mumbai watermelon eating death- India TV Hindi
तरबूज खाने के बाद मौत के मामले में जांच जारी। Image Source : PTI

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की रहस्यमय मौत के मामले में मुंबई पुलिस ने परिवार के घर से लिए गए नमक के नमूनों को एक बार फिर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजा है। जांचकर्ताओं को शक है कि जिंक फॉस्फाइड पाउडर को नमक में मिलाकर पीड़ितों द्वारा खाए गए तरबूज पर छिड़का गया था। पुलिस को अब संदेह है कि परिवार ने ऐसा तरबूज खाया, जिस पर नमक के साथ मिला हुआ जिंक फॉस्फाइड पाउडर डाला गया था। इसी वजह से घर में इस्तेमाल होने वाले खाने के नमक को दोबारा फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

तरबूज के नमूनों में जिंक फॉस्फाइड

हालांकि, खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की रिपोर्ट में घर से जब्त खाद्य पदार्थों में किसी तरह की मिलावट नहीं पाई गई, लेकिन FSL रिपोर्ट में तरबूज के नमूनों में जिंक फॉस्फाइड की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। जेजे अस्पताल द्वारा सौंपी गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण जिंक फॉस्फाइड विषाक्तता बताया गया है।

पुलिस को क्या शक है?

पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या जहर परिवार के किसी सदस्य ने आत्महत्या की योजना के तहत मिलाया था या फिर इसके पीछे किसी बाहरी व्यक्ति की साजिश और हत्या की आशंका है। पुलिस को शक है, कि जिस व्यक्ति ने कथित तौर पर जहर मिलाया, उसने इस्तेमाल किया गया असली कंटेनर ठिकाने लगा दिया, जिससे कोई प्रत्यक्ष भौतिक सबूत नहीं मिल पाया।

विसरा रिपोर्ट में हुआ था बड़ा खुलासा

मुंबई के पायधुनी इलाके में तरबूज खाने के बाद चार लोगों की हुई मौत के मामले में इससे पहले भी बड़ा अपडेट सामने आया था। मृतकों की विसरा रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि तरबूज के अंदर केमिकल एनालिसिस के दौरान जिंक फॉस्फाइड (चूहे मारने की दवा बनाने में उपयोग होता है) मिला था। हालांकि, तरबूज में जिंक फॉस्फाइड कहा से आया, इस बात की जांच पुलिस कर रही है।

ये भी पढ़ें- तरबूज में मिला चूहा मारने का जहर, विसरा रिपोर्ट आई सामने; मुंबई में 4 लोगों की मौत मामले में बड़ा खुलासा

बिरयानी के बाद तरबूज खाने से 4 लोगों की मौत मामला, FDA की प्राथमिक जांच में खाने में कोई हानिकारक पदार्थ नहीं मिला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।