1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. बिरयानी के बाद तरबूज खाने से 4 लोगों की मौत मामला, FDA की प्राथमिक जांच में खाने में कोई हानिकारक पदार्थ नहीं मिला

बिरयानी के बाद तरबूज खाने से 4 लोगों की मौत मामला, FDA की प्राथमिक जांच में खाने में कोई हानिकारक पदार्थ नहीं मिला

 Reported By: Saket Rai Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : May 02, 2026 11:56 am IST,  Updated : May 02, 2026 11:56 am IST

मुंबई में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में ये बात सामने आई थी कि इन लोगों ने बिरियानी के बाद तरबूज खाया था।

Mumbai- India TV Hindi
मुंबई में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई थी Image Source : REPORTER INPUT

मुंबई: मुंबई के पायधुनी में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के मामले में मुंबई पुलिस टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इस पूरे मामले में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की प्राथमिक जांच में खाने में कोई भी हानिकारक पदार्थ नहीं मिला है। 

वहीं पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मॉर्फीन (एक दर्द निवारक दवा) की मौजूदगी और शरीर के कुछ टिश्यू में असामान्य हरे रंग का बदलाव पाया गया है, जिसका कारण कोई जहरीला सब्सटेंस हो सकता है। 

महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) को पायधुनी स्थित परिवार के घर से लिए गए 11 खाने के सैंपल्स में किसी भी तरह की मिलावट के सबूत नहीं मिले हैं। इन सैंपल्स में बिरयानी, तरबूज, मिट्टी के बर्तन और फ्रिज का पानी, कच्चा और पका हुआ चावल, कच्चा और पका हुआ चिकन, खजूर और मसाले शामिल थे।

बता दें यह मामला 26 अप्रैल को सामने आया, जब 40 वर्षीय अब्दुल्ला दोकाडिया को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने डॉक्टरों को बताया था कि उन्होंने और उनके परिवार के सदस्यों पत्नी नसीरीन (35) और बेटियां आयशा (16) व जैनब (13) की तरबूज खाने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ी। बाद में चारों की मौत हो गई।

पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच से जुड़े अधिकारी ने क्या बताया?

जांच से जुड़े एक अधिकारी ने बताया, "हम सभी पहलुओं से जांच कर रहे हैं। हालांकि, अभी हम किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचे हैं और कलीना फॉरेंसिक लैबोरेटरी, फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) और जेजे अस्पताल से मेडिकल के डिटेल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि इस केस में किसी प्रकार के जहर का सेवन हुआ था या नहीं और अगर हुआ था, तो उसका समय क्या था।"

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि अब्दुल्ला किसी बिल्डर से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में गवाह हो सकते थे। अधिकारियों ने कहा, “हम इस जानकारी की पुष्टि कर रहे हैं। इस स्तर पर इसे मौत से जोड़ना जल्दबाजी होगी।”

पुलिस के मुताबिक इस केस में , अब तक कोई संदिग्ध वित्तीय लेनदेन सामने नहीं आया है। परिजनों के बयानों में परिवार को “खुशहाल” बताया गया है और किसी तरह के विवाद या चिंता की जानकारी नहीं मिली है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), डिजिटल कम्युनिकेशन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डेटा की जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

इस बीच, कलीना फॉरेंसिक लैब के एक अधिकारी ने पुष्टि की है कि विसरा सैंपल की प्रारंभिक जांच में कुछ अज्ञात बाहरी कण पाए गए हैं। अधिकारी ने कहा, “शुरुआती रिपोर्ट में सैंपल में बाहरी पदार्थों की मौजूदगी का संकेत मिला है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि ये विषैले हैं या नहीं, औषधीय हैं या किसी अन्य प्रकार के हैं। विस्तृत जांच जारी है।”

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।