मुंबई में भारी बारिश के दौरान ज्यादा किराया वसूलने वाले 147 कैब ऑपरेटरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इन सभी लोगों ने पिछले सप्ताह मुंबई में भारी बारिश के बीच तीन से चार गुना किराया वसूला था। अब इनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बारिश के दौरान एप के जरिए बुक होने वाली कैब के ज्यादा पैसा वसूलने का यह पहला मामला नहीं है। देश के अलग-अलग हिस्सों में पहले भी कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें कैब बुक करने वाले एप में सामान्य से चार गुना ज्यादा तक किराया दिखाया गया था। कई लोगों ने बढ़ा हुआ किराया देकर सफर भी किया था।
कुछ ऐसे मामले भी सामने आए थे, जिनमें कैब बुक करने के बाद ड्राइवर ने ज्यादा किराए की मांग की और यात्री को मजबूरन किराया देना पड़ा था। अब मुंबई पुलिस ने ज्यादा किराया वसूलने वाले 147 ऑपरेटर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
परिवहन मंत्री ने दिए निर्देश
महाराष्ट्र सरकार में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने ज्यादा किराया वसूलने वाले कैब ऑपरेटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कुल 147 ऑपरेटरों के खिलाफ कार्रवाई हुई है, जिनमें से 36 को यात्रियों से ज्यादा किराया वसूलने का दोषी पाया गया। कुछ लोगों ने शिकायत की थी कि आमतौर पर 200 रुपये किराया वसूलने वाली कैब सेवाओं ने 600-800 रुपये की मांग की। प्रताप सरनाईक ने मोटर परिवहन विभाग को ऐसी कैब सेवाओं के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया। उन्होंने मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती के साथ इस मामले पर चर्चा की और सुझाव दिया कि साइबर सेल को भी उन ऐप-आधारित टैक्सी सेवाओं के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए जो अवैध किराया वसूलती हैं।
मुंबई में भारी बारिश से यातायात ठप
मुंबई में भारी बारिश के चलते यातायात ठप हो गया था। सड़कों पर पानी भरने से बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई थीं। कई जगहों पर लंबा जाम भी लगा था। पटरियों पर पानी भरने से मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन भी प्रभावित हुई थी। मंगलवार की शाम एलिवेटेड ट्रैक पर यात्रियों से भरी दो मोनो रेल फंस गई थीं। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था और 782 यात्रियों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया था।