1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. ऑफिस के वर्क लोड से एक और मौत! बैंक मैनेजर ने अटल सेतु से कूद कर दी जान, पत्नी का चौंकाने वाला खुलासा

ऑफिस के वर्क लोड से एक और मौत! बैंक मैनेजर ने अटल सेतु से कूद कर दी जान, पत्नी का चौंकाने वाला खुलासा

 Reported By: Saket Rai Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Oct 01, 2024 12:17 pm IST,  Updated : Oct 01, 2024 12:33 pm IST

बैंक मैनेजर के शव को तलाशने के लिए पुलिस की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है। 24 घंटे से ज्यादा का समय हो गया है, अभी तक मृतक का शव नहीं मिला है।

अटल सेतु से कूदकर दी जान- India TV Hindi
अटल सेतु से कूदकर दी जान Image Source : FILE PHOTO

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक शख्स ने मुंबई के अटल सेतु से कूद कर जान दे दी। मृतक की पत्नी ने बताया कि उसके पति ने ऑफिस में वर्क लोड के चलते ऐसा खतरनाक कदम उठाया है। मालूम हो कि पिछले दिनों पुणे की एक सीए फर्म में काम करने वाली लड़की की वर्क लोड के चलते जान चली गई थी। मृतक लड़की के परिजनों ने ये दावा किया था। 

कार को साइड में लगाया और लगा दी छलांग

वहीं, अब मुंबई में एक शख्स की ऑफिस के वर्क लोड के चलते जान चली गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सुशांत चक्रवर्ती नाम के व्यक्ति ने सोमवार की सुबह लगभग 9:57 पर अपनी कार को ब्रिज के किनारे पर पार्क किया। इसके बाद वह अटल सेतु से कूद गया। ऐसा बताया जा रहा है कि मृतक पब्लिक सेक्टर बैंक में काम करता था। मृतक की उम्र लगभग 40 साल के आसपास थी।

शव की तलाश में जुटी पुलिस

शिवडी पुलिस मृतक के शव की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह लगभग 10 बजे के आसपास की है। जब सुशांत ने अपनी कार को अटल सेतु के साउथ बाउंड्री छोर पर पार्क किया और समंदर में कूद गया।

परिवार में पत्नी, एक साल की बेटी और मां

पुलिस को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने गाड़ी की जांच की। पुलिस को जांच के दौरान मिले दस्तावेज के जरिए पता चला कि सुशांत चक्रवर्ती मुंबई के परेल इलाके में पत्नी, एक साल की बेटी और मां के साथ रहते थे। 

पत्नी को बुलाया गया पुलिस स्टेशन

पुलिस ने गाड़ी का नंबर आरटीओ को भेजा। जहां से उन्हें सुशांत के बारे में और अधिक जानकारी पता चली है। पुलिस ने जब जानकारी को इकट्ठा कर लिया तो एक टीम को परेल स्थित उनके घर भेजा है। पुलिस अधिकारियों ने उनकी पत्नी को पुलिस स्टेशन बुलाया। 

ऑफिस के काम से थे परेशान

पुलिस ने पत्नी का बयान दर्ज किया तो उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा किया है। मृतक की पत्नी ने बताया कि सुशांत काफी दिनों से ऑफिस में अपने काम को लेकर परेशान रहते थे। ऑफिस में वर्क लोड बहुत ज्यादा था। फिलहाल प्राथमिक रूप से पुलिस को कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

वीकेंड पर गए थे परिवार संग घूमने

पुलिस को जांच में पता चला कि पिछले वीकेंड पर वह अपने परिवार के साथ घूमने गए थे। सोमवार को परिवार से कहा कि वह काम पर जा रहे हैं, लेकिन उन्होंने सुबह 10 बजे के आसपास अटल सेतु ब्रिज से जाकर छलांग लगा दी। पुलिस सुशांत चक्रवर्ती के शव की तलाश कर रही है। देर रात अंधेरा होने की वजह से सर्च ऑपरेशन को रोक दिया गया। मंगलवार की सुबह एक बार फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।