मुंबई की वकोला पुलिस ने एक बुजुर्ग बिजनेसमैन के अपहरण के मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने मुंबई के कांदिवली और राम मंदिर इलाके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पीड़ित को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित कपड़ा व्यापारी है। वह अक्सर कच्छ और मुंबई के बीच यात्रा करता रहता है।
पुलिस ने 48 घंटे के भीतर किडनैपिंग की गुत्थी को सुलझाया
20 फरवरी को मुंबई पहुंचने पर उसे एक परिचित ने बहला-फुसलाकर अपने दो साथियों की मदद से अगवा कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने व्यापारी के बेटे से 25 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। जिसके बाद पीड़ित के परिवार ने नजदीकी वकोला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। वकोला पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज करने के जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपराधियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस हिरासत में आरोपी

बिजनेसमैन की वित्तीय स्थिति से वाकिफ था परिचित
वकोला पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई जिसने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। आरोपी मुंबई के राम मंदिर इलाके के एक इमारत के रूम में पाए गए जहां पीड़िता को बंदी बनाकर रखा गया था। जांच के दौरान पता चला कि पीड़ित का परिचित राधेश्याम उसकी वित्तीय स्थिति से वाकिफ था और उसकी संपत्ति के बारे में जानकारी जुटा चुका था।
व्यापार से जुड़ी बातचीत के लिए बुलाया, फिर किया अगवा
उसने व्यापारी को उसके व्यापार से जुड़ी बातचीत के लिए बुलाया और राम मंदिर स्टेशन के पास एक ऑफिस में ले गया। वहां पहुंचकर आरोपियों ने पीड़ित का फोन बंद कर दिया और दो अन्य लोगों की मदद से उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के बेटे से 25 लाख रुपये की मांग की और पुलिस को सूचना देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।
ऑफिस में बंदी बनाकर रखा
पीड़ित को मूल रूप से शेयर बाजार संचालन के लिए स्थापित एक कार्यालय में बंदी बनाकर रखा गया था। भवन के सामने के हिस्से में ऑफिस था, जबकि पीछे का हिस्सा व्यवसायी को हिरासत में रखने के लिए इस्तेमाल किया गया था। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान राधेश्याम मेवालाल सोनी (30), सतीश नंदलाल यादव (33) और धर्मेंद्र रामपति रविदास (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने सबसे पहले कांदिवली के लालाजी पाड़ा इलाके से राधेश्याम को गिरफ्तार किया, जिसके बाद वे बाकी आरोपियों तक पहुंचे। पीड़ित को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया और तीनों अपहरणकर्ताओं को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें-
मां की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर बच्चे को किया था किडनैप, मुठभेड़ के बाद पकड़े गए आरोपी