Friday, March 06, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मां की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर बच्चे को किया था किडनैप, मुठभेड़ के बाद पकड़े गए आरोपी

मां की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर बच्चे को किया था किडनैप, मुठभेड़ के बाद पकड़े गए आरोपी

Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1 Published : Feb 16, 2025 11:54 pm IST, Updated : Feb 17, 2025 12:02 am IST

मध्य प्रदेश पुलिस ने एक बच्चे के अपहरण के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बाइक सवार दोनों आरोपियों ने ग्वालियर के मुरार क्षेत्र में इस घटना को अंजाम दिया था।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE प्रतीकात्मक फोटो

मध्य प्रदेश पुलिस ने ग्वालियर के एक व्यवसायी के छह वर्षीय बेटे के अपहरण के आरोप में मुरैना से दो व्यक्तियों को संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि उन्होंने एक करोड़ रुपये की फिरौती के लिए बच्चे का अपहरण किया था। बाइक सवार दोनों व्यक्तियों ने ग्वालियर के मुरार क्षेत्र में बच्चे की मां की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर उसका अपहरण कर लिया था।

यह घटना गुरुवार की सुबह हुई, जब बच्चे को उसकी मां स्कूल पहुंचाने जा रही थी। घटना के 14 घंटे बाद बच्चा मुरैना जिले के एक गांव में सुरक्षित पाया गया। कोतवाल डैम के पास शनिवार रात आरोपी राहुल गुर्जर (28) औऱ बंटी गुर्जर (35) ने पुलिसकर्मियों को देखकर उन पर गोलीबारी की और भागने की कोशिश की। दोनों आरोपी मुरैना के रहने वाले हैं। मुरैना के पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने बताया कि आरोपियों के गोली चलाने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिससे वे दोनों घायल हो गए। उन दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया और उन्हें मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

11 फरवरी को बनाई थी योजना 

अधिकारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति डैम के पास बैठे हैं और डकैती की योजना बना रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा, "हमने एक मोटरसाइकिल, एक रिवॉल्वर, एक देशी पिस्तौल और कुछ कारतूस उनके पास से बरामद किए हैं।" पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वे ग्वालियर के मुरार में सीपी कॉलोनी में रहने वाले बच्चे के पिता एवं चीनी व्यापारी राहुल गुप्ता से एक करोड़ रुपये मांगने की योजना बना रहे थे। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों ने 11 फरवरी को योजना बनाई थी और अगले दिन अपहरण को अंजाम देना चाहते थे, लेकिन स्कूल बंद होने के कारण वे ऐसा नहीं कर सके।

13 फरवरी को बच्चे का किया अपहरण 

हालांकि, आरोपी 13 फरवरी को बच्चे का अपहरण करने में सफल रहे और उसे मुरैना शहर के सुभाष नगर में पांच से छह घंटे तक बंधक रखा, लेकिन कड़ी पुलिस निगरानी के बाद उसे काजी बसई गांव में छोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि राहुल गुर्जर ने पुलिस को अपहरण में दो और लोगों के शामिल होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शेष आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, फरार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और संदेह है कि वे अपहरण की इस वारदात के मुख्य साजिशकर्ता हो सकते हैं। (भाषा इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें-

हत्या कर अमेरिका हुआ था फरार, निर्वासित होकर जत्थे के साथ पहुंचा भारत तो हो गया खेल

सड़क हादसे में बालासोर के DSP और उनके रिश्तेदार की मौत, NH- 215 पर हुई दुर्घटना

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement